1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. फब्तियां कसने का विरोध करने को लेकर लड़की पर हमला, आरोपी गिरफ्तार

फब्तियां कसने का विरोध करने को लेकर लड़की पर हमला, आरोपी गिरफ्तार

 Reported By: Bhasha
 Published : Oct 22, 2017 06:39 am IST,  Updated : Oct 22, 2017 06:43 am IST

यह घटना मंगलवार की है जो CCTV कैमरे में दर्ज हुई थी। आरोपी की पहचान इमरान शाहिद शेख (19) के रूप में की गई है...

Mumbai Girl Attacked- India TV Hindi
Mumbai Girl Attacked

मुंबई: मुंबई के कुर्ला-नेहरूनगर इलाके में फब्तियां कसने का विरोध करने पर एक व्यक्ति ने 16 वर्षीय एक लड़की की सरेआम कथित तौर पर पिटाई कर उसकी नाक की हड्डी तोड़ दी। इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। सोशल मीडिया पर वायरल होने के साथ-साथ मीडिया में आए एक वीडियो में एक व्यक्ति एक लड़की पर हमला करता दिख रहा है। यह घटना मंगलवार की है जो CCTV कैमरे में दर्ज हुई थी। आरोपी की पहचान इमरान शाहिद शेख (19) के रूप में की गई है।

नेहरूनगर पुलिस थाना के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रमोद खोपरडे ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ एक मामला दर्ज किया और उस अनुसार गिरफ्तारी की गई। अगले दिन उसे अदालत में पेश किया गया, जिसने उसकी जमानत मंजूर कर ली। बाद में उसे IPC की धारा 354 के तहत फिर से हिरासत में ले लिया गया। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार घटना 17 अक्टूबर को चेंबुर के श्रमजीवी नगर की SRA इमारत के पास शाम करीब 7 बजे हुई। उस वक्त पीड़िता ठक्कर बापा कॉलोनी में आदर्श नगर में एक मित्र के साथ अपने क्लास के लिए जा रही थी।

अधिकारी ने बताया, ‘जब वह अपनी इमारत के पास पहुंची तो उसने पाया कि वहां एक ऑटो रिक्शा में बैठे कुछ युवक जोर-जोर से बहस कर रहे हैं। पीड़िता ने उन्हें शोर नहीं मचाने को कहा और अपने मित्र के साथ कुछ दूर चली गई। हालांकि, डांटे जाने पर शेख ऑटो से बाहर निकला और उसे पीटने लगा। उसने उसकी नाक पर वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर गई। उसकी नाक से खून बहने लगा। इसके बाद शेख ने उसे धमकी दी और मौके से भाग गया। शेख, पीड़िता का परिचित है।’ अधिकारी ने बताया कि घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने पिटाई करने से उसे नहीं रोका। पीड़िता को अस्पताल ले जाया गया। वहां पता चला कि उसकी नाक की हड्डी टूट गई है।

हालांकि, लड़की ने राष्ट्रीय टीवी चैनलों को बताया कि शेख उसे पिछले कुछ दिनों से प्रताड़ित कर रहा था और उसने इस बारे में अपनी मां को भी बताया था। जब वह क्लास जाया करती तो शेख उस पर अश्लील टिप्पणी करता था और उसने ऐसा करना जारी रखा। उसने दावा किया, ‘मैंने इस बारे में पुलिस को बताया लेकिन उन्होंने बयान में कुछ और दर्ज किया। पुलिस ने भी हमसे मामला दर्ज नहीं कराने और इसकी बजाय समझौता करने को कहा था। हमें चुप रहने के लिए पैसों की भी पेशकश की गई थी।’ पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच जारी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत