सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में एक शर्मनाक मामला सामने आया है। यहाँ इलाके के प्रधान ने पुलिस की मिली भगत से एक तुगलगी फरमान जारी करते हुये एक लड़की के साथ हुए रेप की कीमत 20 हज़ार रुपया लगाई और सुलह करने का दबाव बनाया। इतना ही नहीं यूपी पुलिस के एक दरोगा ने मामले को थाने में ही ख़त्म करने के लिए 20 हज़ार में से 2 हज़ार की कमीशन ले ली।
पीड़ित लड़की का आरोप है की जब वो बीती रात घर पर अकेली थी तभी पहले से मौके की तलाश में इलाके के 4 दबंग उसके घर पहुंचे और उसको जबरन उठा ले गए। सभी दबंगों के मुह पर कपड़ा बंधा हुआ था। वे लड़की को रेलवे ट्रैक के पास एक गन्ने के खेत में ले गए और 3 दिन तक उसके हाँथ पैर बाँध कर उसको बंधक बनाकर रखा। लगातार उसके साथ मारपीट की गयी और 3 दिन तक उसको भूखा प्यासा रखा गया। किसी तरह घर पहुंची पीड़ित लड़की ने आरोप लगाया कि सत्यपाल ने उसके साथ बलात्कार किया और बाकी तीनो दबंगों ने उसके साथ मारपीट की और बंधक बनाये रखने में सत्यपाल का साथ दिया। इतना ही नहीं पुलिस से शिकायत करने पर जा से मारने की धमकी दी गयी।
पीड़ित लड़की ने ये भी आरोप लगाया है की महोली थाने में तैनात दरोगा ने उसके पिता को जबरन दिए गए 20 हज़ार रूपये में से 2 हज़ार रुपये ले लिए। पीडिता का ये भी आरोप है की जब उसके पिता ने जबरन दिए गए रूपये वापस कर दिए और मुकदमा लिखवाने की बात कही तो दरोगा ने उनको धमकी देते हुए कहा की जूतों की बात समझानी पड़ेगी तुमको। इलाके के प्रधान से दोनों पक्षों के सुलह के बारे में पुछा गया तो बड़ी ही बेशर्मी भरा बयान देते हुए प्रधान ने कहा की खत्म करे सब, कमाने खाने में क्या हर्ज़ है। पैसा कमाने के लिए तो सभी है।
अपनी इज्ज़त की कीमत लगाए जाने से दुखी पीडिता फ़रियाद लेकर जब अधिकारियों से मिली तब मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने प्रधान के खिलाफ कार्यवाही की बात कही और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के आदेश दिए।