1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली को 'सूखा' छोड़ सीधे पहाड़ों की तरफ निकल गया है मानसून?

दिल्ली को 'सूखा' छोड़ सीधे पहाड़ों की तरफ निकल गया है मानसून?

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 12, 2021 04:14 pm IST,  Updated : Jul 12, 2021 04:14 pm IST

देश की राजधानी दिल्ली के लिए मानसून का इंतजार कम नहीं हो रहा है। मौसम विभाग ने पहले कहा था कि जून के अंतिम हफ्ते के दौरान दिल्ली में मानसून पहुंच जाएगा लेकिन लगभग आधा जुलाई खत्म होने को है और अभी तक दिल्ली में मानसून की बरसात नहीं हुई है।

Monsoon reaches Jaisalmer, Delhi's periphery but gives national capital a miss- India TV Hindi
देश की राजधानी दिल्ली के लिए मानसून का इंतजार कम नहीं हो रहा है।  Image Source : PTI

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली के लिए मानसून का इंतजार कम नहीं हो रहा है। मौसम विभाग ने पहले कहा था कि जून के अंतिम हफ्ते के दौरान दिल्ली में मानसून पहुंच जाएगा लेकिन लगभग आधा जुलाई खत्म होने को है और अभी तक दिल्ली में मानसून की बरसात नहीं हुई है। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली में मानसून जल्द पहुंच सकता है। लेकिन दिल्ली में मानसून को लेकर इस साल मौसम विभाग की अभी तक कोई भविष्यवाणी सच्च नहीं हुई है। 

ऐसा लग रहा है कि मानसून दिल्ली को सूखा छोड़ पहाड़ों की तरफ निकल गया है। तभी दो हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कई जगहों पर मानसून की भारी बरसात हो रही है। मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक के जेनामनी ने बताया कि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में मानसून एक्टिव है। इसके अलावा पंजाब में भी मानसून की बरसात हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून राजस्थान के अधिकतर हिस्सों को कवर कर चुका है, लेकिन अभी तक दिल्ली में मानसून की दस्तक नहीं हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में मानसून की बरसात को लेकर परिस्थितियां अनुकूल है, हालांकि दिल्ली में मानसून की बरसात कब होगी इसको लेकर इस बार मौसम विभाग ने कोई जानकारी नहीं दी है। मौसम विभाग ने पहले कहा था कि जून के अंतिम हफ्ते में मानसून दिल्ली पहुंच जाएगा, फिर कहा कि 7 जुलाई तक दिल्ली में मानसून की बरसात होगी और उसके बाद कहा कि 10 जुलाई तक बारिश होगी। लेकिन मौसम विभाग की कही सारी भविष्यवाणियां इस बार फेल हो गई और दिल्ली में अभी तक मानसून की बरसात नहीं हुई है। 

इससे पहले आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा था कि राष्ट्रीय राजधाानी में शनिवार से दक्षिण पश्चिम मानसून के बादल छाये हुए हैं, हवा का रुख बदल गया है और नमी वाली पुरवाई हवाएं चल रही हैं। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन अभी तक वर्षा नहीं हुई। यह बहुत असाधारण स्थिति है।’’ महापात्र ने कहा कि दिल्ली में मानसून को लेकर सभी स्थितियां बनी हुई हैं और जैसे ही बारिश होती है, मानसून के आगमन को लेकर घोषणा की जाएगी। 

मौसम विभाग ने पहले कहा था कि दिल्ली में 15 जून को मानसून आ जाएगा, लेकिन बाद में उसने अपने पूर्वानुमान में बदलाव कर दिया। पांच जुलाई को आईएमडी ने कहा कि दक्षिण पश्चिम मानसून के 10 जुलाई तक दिल्ली पहुंचने के लिहाज से परिस्थितियां अनुकूल हैं। हालांकि 10 जुलाई से बारिश नहीं हुई है। आईएमडी ने कहा कि वह देश के बचे हुए हिस्सों में मानसून की प्रगति पर लगातार नजर रख रहा है। 

ये भी पढ़ें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत