1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मुंबई में 129 स्थानों पर हुआ गणपति की 38 हजार से ज्यादा प्रतिमाओं का विसर्जन

मुंबई में 129 स्थानों पर हुआ गणपति की 38 हजार से ज्यादा प्रतिमाओं का विसर्जन

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 13, 2019 02:45 pm IST,  Updated : Sep 13, 2019 02:45 pm IST

गणपति उत्सव यूं तो पूरे देश में धूमधाम से मनाया जाता है, लेकिन मुंबई में इसे लेकर खास तरह का उत्साह देखने को मिलता है।

More than 38000 Ganpati idols immersed at 129 spots in Mumbai- India TV Hindi
More than 38000 Ganpati idols immersed at 129 spots in Mumbai | PTI

मुंबई: गणपति उत्सव यूं तो पूरे देश में धूमधाम से मनाया जाता है, लेकिन मुंबई में इसे लेकर खास तरह का उत्साह देखने को मिलता है। देश की आर्थिक राजधानी का शायद ही कोई कोना हो जहां इस त्योहार में गणपति की प्रतिमा के दर्शन न होते हों। अनंत चतुर्दशी के साथ ही गुरुवार को गणपति उत्सव का समापन हो गया। पूरे मुंबई में निर्धारित 129 स्थानों पर 38,000 से अधिक गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। एक अधिकारी ने बताया कि लोकप्रिय लालबाग के राजा सहित कई बड़ी प्रतिमाओं का विसर्जन शुक्रवार सुबह तक जारी रहा।

चौपाटी के पास हुआ लालबाग के राजा का विसर्जन

लालबाग के राजा को शुक्रवार को गिरगांव चौपाटी के पास समुद्र में विसर्जित किया गया। दक्षिण मुंबई में गिरगांव चौपाटी, शहर के मध्य भाग में स्थित शिवाजी पार्क, पश्चिमी तट जुहू और महानगर के उत्तरी भाग में अक्सा, वर्सोवा और मार्वे तटों समेत कई जलाशयों और कृत्रिम तालाबों में मूर्तियों का विसर्जन किया गया। बीएमसी द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि शुक्रवार को सुबह नौ बजे तक 7,627 सार्वजनिक गणेश मूर्तियों का विसर्जन किया गया, जबकि घरों में विराजित 30,403 छोटी मूर्तियों का विसर्जन किया गया। 

24 घंटे में 38 हजार से ज्यादा प्रतिमाओं का विसर्जन
बीते 24 घंटों में 38,000 से अधिक गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। एक अधिकारी ने कहा कि विसर्जन के दौरान नगर निकाय का आपदा प्रबंधन दल, दमकल विभाग, पुलिस और अन्य एजेंसियों सुरक्षा व्यवस्था में लगे हुए थे। मुख्य अग्निशमन अधिकारी पी एस राहंगदले ने कहा कि विसर्जन के दौरान दमकल विभाग ने 300 से अधिक जीवनरक्षक तैनात किए थे। पड़ोसी जिले ठाणे में कुल 6,190 मूर्तियों का विसर्जन किया गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत