श्रीनगर: श्रीनगर में गुरुवार को जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती मुहम्मद सईद के नमाज-ए-जनाजा में उनकी बेटी महबूबा मुफ्ती सहित हजारों लोगों ने हिस्सा लिया। उम्मीद की जा रही है कि अब महबूबा मुफ्ती ही जम्मू एवं कश्मीर की नई मुख्यमंत्री होंगी।
वीआईपी, सईद के परिजनों व पार्टी कार्यकर्ताओं सहित सात हजार से अधिक लोगों ने शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में शाम को मुख्यमंत्री के नमाज-ए-जनाजा में हिस्सा लिया। उनका पार्थिव शरीर नई दिल्ली से यहां लाया गया। पीडीपी के वरिष्ठ नेता नईम अख्तर ने नमाज-ए-जनाजा पढ़ाई, जिसके बाद मुफ्ती का पार्थिव शरीर अनंतनाग जिला स्थित उनके गृहनगर बिजबेहरा ले जाया गया, जहां दफनाने के पहले अंतिम बार नमाज-ए-जनाजा पढ़ा गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "सईद के अनुकरणीय नेतृत्व का प्रभाव लोगों के जीवन पर महत्वपूर्ण रूप से पड़ा।" उन्हें स्टेट्समैन करार देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "मुफ्ती साहब ने जम्मू एवं कश्मीर के लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने का काम किया।"
सईद का गुरुवार सुबह अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में निधन हो गया था। वह पिछले 14 दिनों से यहां भर्ती थे। राजकीय शोक के बीच उनका पार्थिव शरीर श्रीनगर ले जाया गया।
देश के पहले मुस्लिम केंद्रीय गृहमंत्री रह चुके सईद पिछले करीब दो सप्ताह से एम्स में भर्ती थे। उन्होंने यहां सुबह 9.10 बजे अंतिम सांस ली। तीन दिन पहले हालत बिगड़ने पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था।