इंदौर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली मध्य प्रदेश में इंदौर जिले के महू शहर में उनकी 125वीं जयंती पर श्रद्घा सुमन अर्पित कर देशव्यापी 'ग्रामोदय से भारत उदय अभियान' की शुरुआत करेंगे। सुबह से ही डॉ. अंबेडकर के महू स्मारक पर बड़ी संख्या पर लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री 11:45 बजे मुम्बई हवाईअड्डे से वायुसेना के विशेष विमान से इंदौर के लिए उड़ान भरेंगे। उनका विमान दोपहर 12.55 बजे इंदौर के हवाईअड्डे पर उतरेगा, वे यहां से हेलीकाप्टर से महू के लिए रवाना होंगे। प्रधानमंत्री मोदी अंबेडकर स्मारक में श्रद्घा सुमन अर्पित करने के बाद दोपहर 1:30 बजे से 2:30 बजे तक इस मौके पर आयेाजित कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे और देश को संबोधित करेंगे। उसके बाद महू से हेलीकॉप्टर से अपराह्न् 3:05 बजे इंदौर हवाईअड्डे पर पहुंचेंगे और फिर वहां से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
इस आयोजन को सफल बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। महू के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल की तैनाती है।
अंबेडकर का आर्थिक दृष्टिकोण असाधारण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डॉ. बी. आर. अंबेडकर को 125वीं जयंती पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका आर्थिक दृष्टिकोण असाधारण है। प्रधानमंत्री ने ट्विटर पर लिखा, "मैं पूज्य बाबासाहब की जयंती पर उनके आगे शीष झुकाता हूं। जय भीम। वह विश्व मानव थे, जिन्होंने अपना पूरा जीवन गरीबों तथा समाज में हाशिये पर जी रहे लोगों की सेवा में समर्पित कर दिया।"
उन्होंने कहा, "उनका यकीन शिक्षा की ताकत में था। उनका आर्थिक दृष्टिकोण असाधारण है, जिसमें किसानों तथा कामगारों के कल्याण पर खास जोर दिया गया।"
भीमाबाई सकपाल तथा रामजी की संतान के रूप में 14 अप्रैल, 1891 को जन्मे अंबेडकर का निधन छह दिसंबर, 1956 को हो गया था।