उदयपुर: डाक से श्रीनाथ मन्दिर प्रबंधन नाथद्वारा को आज मिले पत्र में मंदिर को बम से उडाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर तलाशी ली। तलाशी में कुछ नहीं मिला, पुलिस ने इसे शरारती हरकत बताया है।
नाथद्वारा थानाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह के अनुसार श्रीनाथजी मन्दिर प्रबंधन मंडल को मिले पत्र में मन्दिर को बम से उडाने और एक निजी ट्रेवल एजेंसी की बस में बम रखे होने की सूचना दी। प्रबंधन मंडल ने पुलिस को सूचना देने पर तुरंत कार्रवाई कर बम निरोधक दस्ते एवं पुलिस ने मन्दिर, मन्दिर परिसर और निजी ट्रेवल एजेंसियों की सघन तलाशी ली। तलाशी में कुछ नहीं मिला।
पुलिस के मुताबिक यह पत्र बडोदरा से भेजा गया है। पुलिस ने इस घटना को शरारत बताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल इस सम्बध में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
बता दे कि इससे पहले भी मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी भरा खत मिला था। डाक से आए उस पत्र में भेजने वाले के नाम की जगह पाकिस्तान की पूर्व विदेश मंत्री हिना रब्बानी का नाम लिखा था. हालांकि जांच होने के बाद मंदिर परिसर में बम होने की पुष्टी नहीं की गई थी।