1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पठानकोट हमले के लिए ISI, पाक सेना जिम्मेदार: निर्मल सिंह

पठानकोट हमले के लिए ISI, पाक सेना जिम्मेदार: निर्मल सिंह

 Written By: Bhasha
 Published : Jan 03, 2016 06:56 pm IST,  Updated : Jan 03, 2016 06:57 pm IST

जम्मू: जम्मू कश्मीर के उप मुख्यमंत्री निर्मल सिंह ने आज कहा कि पठानकोट में वायुसेना ठिकाने पर हमले के लिए पाकिस्तान की गुप्तचर एजेंसी आईएसआई और उसकी सेना जिम्मेदार हैं जिसमें सात सुरक्षाकर्मी शहीद हो

nirmal singh- India TV Hindi
nirmal singh

जम्मू: जम्मू कश्मीर के उप मुख्यमंत्री निर्मल सिंह ने आज कहा कि पठानकोट में वायुसेना ठिकाने पर हमले के लिए पाकिस्तान की गुप्तचर एजेंसी आईएसआई और उसकी सेना जिम्मेदार हैं जिसमें सात सुरक्षाकर्मी शहीद हो गए।

सिंह ने यहां एक कार्यक्रम के इतर संवाददाताओं से कहा, ‘पूरा महौल आईएसआई, (पाकिस्तानी) सेना और अलगाववादी समूह एवं उनके गुर्गे खराब कर रहे हैं जिन्होंने यह (वायुसेना ठिकाने पर हमला) किया है।’ उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले महीने पाकिस्तान की यात्रा करके साहसी कदम उठाया लेकिन जो ताकतें शांति नहीं चाहती उन्होंने माहौल खराब किया।

उन्होंने कहा, जो भी मुद्दा है वह बातचीत से सुलझना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक साहसिक कदम उठाया, एक बड़ा कूटनीतिक कदम। अफगानिस्तान से लौटते समय (वह) लाहौर गए और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के घर पर विवाह समारोह में शामिल हुए।

सिंह ने कहा, इसने (यात्रा) एक संदेश दिया लेकिन पूरे माहौल को आईएसआई, सेना और अलगाववादी समूह और उनके गुर्गे खराब कर रहे हैं जिन्होंने यह हमला किया है। केंद्र सरकार स्थिति की समीक्षा कर रही है और आगे का कदम देश के लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए उठाया जाएगा।

उन्होंने सुरक्षा बलों की भूमिका की प्रशंसा करते हुए कहा कि सुरक्षा बलों ने हमले को काबू में करने में प्रशंसनीय भूमिका निभायी है। उन्होंने कहा, मैं कहना चाहूंगा कि हमारे सुरक्षा बलों, सेना, पंजाब पुलिस और अपने प्राणों का बलिदान देने वाले तीन जवानों ने एक शानदार काम किया है क्योंकि सुरक्षा बलों ने जिन आतंकवादियों को मार गिराया है वे पूरी तरह से हथियारों से लैस थे।

सिंह ने कहा कि यह घटना पाकिस्तान और वहां की एजेंसियों को एक संदेश देती है कि भारतीय सुरक्षा एजेंसियां उनके नापाक इरादों को भारत में सफल नहीं होने देंगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत