1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जंगलराज पर नीतीश का पलटवार बोले बिहार में मंगलराज है

जंगलराज पर नीतीश का पलटवार बोले बिहार में मंगलराज है

 Written By: India TV News Desk
 Published : May 24, 2016 10:41 pm IST,  Updated : May 24, 2016 10:41 pm IST

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शराबबंदी के बाद से अपराध में आई कमी का हवाला देते हुए मंगलवार को कहा कि बिहार में तो मंगलराज, कानून का राज है।

Nitish Kumar- India TV Hindi
Nitish Kumar

मुंगेर: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हाल में घटित अपराध की घटनाओं को लेकर विपक्ष के जंगलराज के आरोप के बीच प्रदेश में गत एक अप्रैल से लागू शराबबंदी के बाद से अपराध में आई कमी का हवाला देते हुए मंगलवार को कहा कि बिहार में तो मंगलराज, कानून का राज है। मुंगेर के पोलो ग्राउंड में जीविका समूह द्वारा आयोजित मद्य निषेध कार्यक्रम के उद्घाटन के दौरान नीतीश ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, लोग कहते हैं कि बिहार में जंगलराज है। बिहार में तो मंगलराज है, बिहार में कानून का राज है। सभी हत्या के मामलों पर कार्रवाई की जा रही है, जो भी दोषी होंगे उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने कहा कि शराबबंदी से बिहार में अपराध घट रहा है। हत्या के मामले में 39 प्रतिशत, डकैती के मामले में 54 प्रतिशत, लूट के मामले में 25 प्रतिशत, फिरौती के मामले में 71 प्रतिशत, महिला उत्पीड़न में 28 प्रतिशत, कुल संज्ञेय अपराध में 20 प्रतिशत एवं सड़क दुर्घटना में 31 प्रतिशत की कमी पिछले एक माह 23 दिन में आई है। देश के अन्य राज्यों में शराबबंदी के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने कहा कि तमिलनाडु में जयललिता की सरकार की बनी है। सरकार बनते ही शराबंदी लागू करना शुरु कर दिया है।

उन्होंने कहा कि पूरे देश में शराबबंदी का वातावरण बन रहा है। राजस्थान में शराबबंदी का आन्दोलन पूजा छावड़ा द्वारा किया जा रहा है। झारखंड के धनबाद में महिलाओं द्वारा काफी अरसे से शराबबंदी के लिए संघर्ष किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश में भी इसकी मांग उठ रही है। महाराष्ट्र में भी इसके लिए आन्दोलन चल रहा है। चन्द्रपुर की महिलाओं द्वारा आन्दोलन कर पूरे जिले में शराबबंदी लागू कराया गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत