1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. उत्तर भारत में ठंड से कोई राहत नहीं, लेह में शून्य से 15 डिग्री कम तापमान

उत्तर भारत में ठंड से कोई राहत नहीं, लेह में शून्य से 15 डिग्री कम तापमान

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 13, 2018 11:43 pm IST,  Updated : Jan 13, 2018 11:43 pm IST

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल सहित देश के उत्तरी राज्य आज भी शीतलहर से जूझते रहे। उत्तर प्रदेश और दिल्ली के हिस्सों में कोहरा छाया रहा।

cold- India TV Hindi
cold Image Source : PTI

नयी दिल्ली: जम्मू-कश्मीर और हिमाचल सहित देश के उत्तरी राज्य आज भी शीतलहर से जूझते रहे। उत्तर प्रदेश और दिल्ली के हिस्सों में कोहरा छाया रहा। राष्ट्रीय राजधानी में कोहरे के कारण तड़के दृश्यता गिरकर 400 मीटर हो गयी जिससे ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं। शहर में अधिकतम तापमान 23.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गयी। सुबह साढ़े आठ बजे दृश्यता सुधरकर 700 मीटर हो गयी और पूरे दिन आसमान साफ रहा। 

उत्तर रेलवे ने कहा कि उत्तर की ओर जाने वाली करीब 18 ट्रेनें रद्द कर दी गयीं, 18 के कार्यक्रम में बदलाव किया गया और शाम सात बजे तक 44 ट्रेनें देरी से चल रही थीं। पूर्वी उत्तर प्रदेश के हिस्सों में घना कोहरा देखा गया और मुजफ्फरनगर 2.6 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ राज्य में सबसे ठंडी जगह था। 

जम्मू-कश्मीर में ठंड के बढ़ने के साथ लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 15 डिग्री कम दर्ज किया गया। राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.6 डिग्री, पहलगाम में शून्य से 6.1 डिग्री और कुपवाड़ा में शून्य से 5.3 डिग्री कम था। गुलमर्ग में यह शून्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस था। कश्मीर में इस चिल्लई-कलां चल रहा है। चिल्लई-कलां भीषण ठंड का 40 दिनों का मौसम है। 

हिमाचल प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में शीत लहर चलती रही और ऊपरी इलाकों में न्यूनतम तापमान और गिर गया।मौसम कार्यालय के अनुसार केलोंग, मनाली और कल्पा में न्यूनतम तापमान क्रमश: शून्य से 7.6 डिग्री, तीन डिग्री और 1.6 डिग्री सेल्सियस कम रहा।पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री दर्ज किया गया। 2.2 डिग्री तापमान के साथ अदमापुर क्षेत्र में सबसे ठंडी जगह था। अमृतसर में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस था। हरियाणा के अम्बाला, हिसार और करनाल में यह क्रमश: 4.5, 3.5 और 2.5 डिग्री था। राजस्थान में 3.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ श्रीगंगानगर सबसे ठंडी जगह रहा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत