नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ व राज्य के अधिकांश इलाकों में सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है। मौसम विभाग का दावा है कि पिछले 10 वर्षो के दौरान जनवरी में ऐसी ठंड नहीं पड़ीं। लगभग एक सप्ताह से तापमान दो डिग्री सेल्सियस से लेकर 15 डिग्री सेल्सियस के बीच अटका हुआ है। हालांकि, इस सप्ताह के अंत तक मौसम के रुख में बदलाव होने की उम्मीद है।
Related Stories
उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे पी गुप्ता के अनुसार, बुधवार को दिन में दोपहर बाद ही धूप निकलेगी। इस सप्ताह के अंत तक न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कमी आने की उम्मीद है। गुप्ता ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ भी उतना प्रभावी नही रहा जिससे चक्रवाती परिस्थतियां बन सकें। इसकी वजह से पहाड़ी क्षेत्रों से आने वाली सर्द हवाएं बिना किसी रुकावट के मैदानी इलाकों तक पहुंच रही हैं। इससे ठंड ज्यादा बढ़ गई है।
मौसम विभाग ने दावा किया है कि पिछले साल लखनऊ में कुछ समय के लिए जरूर तापमान एक डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था लेकिन उस समय भी अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया था। यह पहला मौका है जब जनवरी में न्यूनतम तापमान और अधिकतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच अटका हुआ है।
मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को हालांकि लखनऊ का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किए जाने का अनुमान है। लखनऊ के अतिरिक्त बुधवार को गोरखपुर का न्यूनतम तापमान सात डिग्री, कानपुर का 5.8 डिग्री, बनारस का 5.7 डिग्री, इलाहाबाद का 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजस्थान के फतेहपुर शेखावटी में न्यूनतम तापमान जमाव बिन्दू से नीचे
राजस्थान के शेखावटी अंचल, अलवर, श्रीगंगानगर क्षेत्र लगातार चौथे दिन भी शीतलहर से प्रभावित रहे। वहीं फतेहपुर शेखावटी में न्यूनतम तापमान जमाव बिन्दू से नीचे 1.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। उत्तर-पश्चिम रेलवे के अनुसार प्रदेश के पड़ोसी राज्यों में कोहरे के कारण उत्तर-पश्चिम की ओर जाने-आने वाली कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। न्यू जलपाईगुडी-उदयपुर 22 घंटे 15 मिनट, सियालदाह-अजमेर 14 घंटे 20 मिनट, हैदराबाद-अजमेर में आठ घंटे 40 मिनट, वाराणसी-जोधपुर, हावडा-जोधपुर कई घंटों की देरी से चल रही हैं।
बिहार का सबसे ठंडा स्थान पूर्णिया रहा, अधिकतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस
बिहार के पूर्णिया जिले में आज अधिकतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम है। बिहार के भागलपुर और दरभंगा में आज का न्यूनतम तापमान सबसे कम पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना, भागलपुर और पूर्णिया में आज दिन में सबसे अधिक ठंडक रही।