नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सम-विषम के दूसरे चरण के दूसरे दिन नियमों के उल्लंघन करने पर आज 1,000 से अधिक वाहन चालकों का चालान काटा गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली यातायात पुलिस ने 678 चालान काटे जबकि दिल्ली परिवहन विभाग के प्रवर्तन इकाई ने 324 लोगों का चालान काटा जिससे यह आंकड़ा कुल 1,002 हो गया।
यातायात पुलिस और परिवहन विभाग ने कल कुल 1,311 लोगों का चालान काटा था। पुलिस ने 884 लोगों का चालान काटा था जबकि विभाग के प्रवर्तन शाखा ने सम विषम कानूनों का उल्लंघन करने पर 427 वाहन चालकों का चालान काटा।
कुछ वाहनों को विशेष छूट के अलावा, एक पखवाड़े तक चलने वाली योजना में विषम नंबर वाली निजी कार विषम तारीखों को और सम नंबर वाली गाड़ी सम तारीखों को सड़क पर चल सकेंगी। योजना के तहत रविवारों को छोड़ कर सुबह आठ बजे से रात आठ बजे के बीच इन नियमों का पालन किया जाएगा।
यातायात पुलिस ने सबसे अधिक चालान दक्षिणी दिल्ली में काटा और इसके बाद पश्चिम और पूर्वी दिल्ली में चालान काटा गया।
दिल्ली सरकार डीजल पर VAT में कटौती करने पर कर रही है विचार
दिल्ली सरकार डीजल पर वैट 18% से घटाकर 16.6% करने पर विचार कर रही है। इसकी वजह से डीजल की कीमत में प्रति लीटर 60 पैसे तक कमी आ सकती है। इस कदम का मकसद राष्ट्रीय राजधानी में डीजल पर वैट को हरियाणा के बराबर लाना है। सरकार इस संबंध में शीघ्र एक अधिसूचना जारी कर सकती है।
एक सूत्र ने बताया, सरकार डीजल पर वैट की दर को 18% से 16.6% करने की योजना बना रही है। उन्होंने कहा कि इससे प्रति लीटर 60 पैसे तक की कटौती हो सकती है।