1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भारत की एक फीसदी आबादी ही देती है INCOME TAX

भारत की एक फीसदी आबादी ही देती है INCOME TAX

 Written By: India TV News Desk
 Published : May 01, 2016 05:19 pm IST,  Updated : May 01, 2016 05:19 pm IST

देश की कुल आबादी में करदाताओं की संख्या सिर्फ एक प्रतिशत हैं। हालांकि, 5,430 लोग ऐसे हैं जो सालाना एक करोड़ रुपए से अधिक का कर देते हैं।

Income Tax- India TV Hindi
Income Tax

नई दिल्ली: देश की कुल आबादी में करदाताओं की संख्या सिर्फ एक प्रतिशत हैं। हालांकि, 5,430 लोग ऐसे हैं जो सालाना एक करोड़ रुपए से अधिक का कर देते हैं। सरकार के आकलन वर्ष 2012-13 के आंकड़ों से यह जानकारी मिली है। पारदर्शिता अभियान के तहत सरकार ने पिछले 15 साल के प्रत्यक्ष कर आंकड़ों को सार्वजनिक किया है।

आकलन वर्ष 2012-13 के लिए लोगों के आंकड़ों को प्रकाशित किया गया है। इसमें 31 मार्च, 2012 को समाप्त वित्त वर्ष के आयकर के आंकड़े दिए गए हैं। कुल मिलाकर 2.87 करोड़ लोगों ने वित्त वर्ष के लिए आयकर रिटर्न दाखिल किया। इनमें से 1.62 करोड़ ने कोई कर नहीं दिया। इस तरह करदाताओं की कुल संख्या 1.25 करोड़ रही, जो उस समय देश की 123 करोड़ की आबादी का लगभग एक प्रतिशत बैठता है।

आंकड़ों के अनुसार ज्यादातर यानी 89 प्रतिशत या 1.11 करोड़ लोगों ने 1.5 लाख रुपए से कम का कर दिया। इस दौरान औसत कर भुगतान 21,000 रुपए रहा। कुल कर संग्रहण 23,000 करोड़ रुपए रहा। 100 से 500 करोड़ रुपए के दायरे में तीन लोगों ने 437 करोड़ रुपए का कर दिया। इस तरह औसत कर भुगतान 145.80 करोड़ रुपए रहा।

कुल मिलाकर 5,430 लोगों ने एक करोड़ रुपए से अधिक का आयकर अदा किया। इनमें से 5,000 लोगों का कर भुगतान एक से पांच करोड़ रुपए के दायरे में रहा। इन लोगों का कुल कर भुगतान 8,907 करोड़ रुपए रहा। कुल आंकड़ों के अनुसार 2015-16 में कुल आयकर संग्रहण नौ गुना बढ़कर 2.86 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गया। यह 2000-01 में 31,764 करोड़ रुपए था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत