कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने एक बार फिर बड़े विरोध-प्रदर्शन की चेतावनी दी है। दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए कहा कि अगर पुलिस की तरफ से छात्रों को परेशान करने का सिलसिला जारी रहा, तो कॉकरोच जनता पार्टी जल्द ही एक बड़े और शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन के जरिए इसका जवाब देगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों को निशाना बनाना और उन्हें परेशान करना बंद करना चाहिए।

आंदोलन जारी रहेगा
केंद्र सरकार द्वारा समूह की एक प्रमुख मांग स्वीकार किए जाने के बाद विरोध प्रदर्शन समाप्त हो गया है, लेकिन सीजेपी के नेता जोर देकर कह रहे हैं कि उनका अभियान अभी खत्म नहीं हुआ है। दीपके ने कहा कि आंदोलन समाप्त होने का मतलब आंदोलन का अंत नहीं है। X पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि सीजेपी को अभी लंबा सफर तय करना है और विरोध प्रदर्शन की समाप्ति को उन्होंने "सिर्फ शुरुआत" बताया।उन्होंने परीक्षा से जुड़े विवाद के दौरान आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों के लिए ₹1 करोड़ के मुआवज़े की भी मांग की। हालांकि, केंद्र सरकार ने कहा है कि वह प्रभावित परिवारों को जितना संभव हो सके, उतना मुआवज़ा देगी।
सीजेपी के सौरव दास ने किया ट्वीट
उधर, सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास ने एक्स पर लिखा, CJP विरोध प्रदर्शन से जुड़ी जनहित याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश से पूरे देश में चिंता की घंटी बजनी चाहिए। खासकर निर्देश नंबर चार, जो सरकारों को मौजूदा एफआईआर पर आगे बढ़ने और जांच करने की इजाजत देता है, यह बहुत गंभीर चिंता का विषय है।
सौरव ने कहा, यह निर्देश भारत सरकार द्वारा 25 जुलाई 2026 को देश के युवाओं को दिए गए उस भरोसे और गारंटी के बिल्कुल उलट है, जिसमें कहा गया था कि सभी FIR वापस ले ली जाएंगी और प्रदर्शन में हिस्सा लेने वाले किसी भी प्रदर्शनकारी को सीधे या परोक्ष रूप से निशाना नहीं बनाया जाएगा। इसी भरोसे के बाद सीजेपी ने अपना देशव्यापी विरोध प्रदर्शन वापस ले लिया था।
CJP के नेताओं ने यह भी संकेत दिया है कि संगठन शिक्षा में सुधार के लिए अभियान जारी रखेगा और अपने आंदोलन को ज़मीनी स्तर तक ले जाएगा। PTI से बात करते हुए, CJP के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि संगठन युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाना जारी रखेगा और साथ ही शिक्षा और गवर्नेंस में सुधार के लिए भी प्रयास करेगा।