जम्मू: पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। लगातार वह सीजफायर का उल्लंघन कर भारत को अपना निशाना बना रहा है। एक बार फिर उसने जम्मू क्षेत्र के सांबा जिले में रातभर गोलीबारी की जिसमें 2 नागरिक घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने जम्मू में बताया, "सांबा जिले की अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर कल (शनिवार) रात 9.20 बजे पाकिस्तान रेंजर्स ने गोलाबारी और गोलीबारी शुरू कर दी।" अधिकारी ने कहा, "सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने इस हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया और रविवार सुबह 3 बजे तक दोनों ओर से गोलीबारी जारी रही।"
पुलिस अधिकारी ने कहा कि पाकिस्तानी हमले में सांबा जिले के मावा गांव के दो स्थानीय नागरिक 40 वर्षीय कैलाशो देवी और 45 वर्षीय प्रीतम चंद घायल हो गए। इस क्षेत्र के स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) घायल को बुलेटप्रूफ वाहन में सांबा जिले के अस्पताल में ले गए, जहां चिकित्सकों ने कैलाशो देवी को जम्मू के ही गवर्मेट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भेज दिया।
पुलिस अधिकारी ने कहा, "पाकिस्तानी सेना ने कठुआ जिले में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर बोबियां गांव में भी अंधाधुंध गोलाबारी और गोलीबारी की।"
बता दें कि पाकिस्तान की ओर से गोलाबारी शनिवार को रात 11.30 बजे शुरू हुई और यह रविवार सुबह 2.30 बजे तक जारी रही। इन हमलों में अभी तक जान-माल की हानि की कोई जानकारी नहीं मिली है।"