1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. LIVE: FCRA बिल JPC में भेजा गया, गृहमंत्री अमित शाह ने लोकसभा स्पीकर को लिखी चिट्ठी, छात्र आंदोलन पर चर्चा कराने की मांग

LIVE: FCRA बिल JPC में भेजा गया, गृहमंत्री अमित शाह ने लोकसभा स्पीकर को लिखी चिट्ठी, छात्र आंदोलन पर चर्चा कराने की मांग

 Written By: Khushbu Rawal
 Updated : Aug 12, 2026 04:46 pm IST

मानसून सत्र के अब केवल 2 आखिरी दिन बचे हैं। आज भी संसद में भारी हंगामे के आसार हैं। संसद भवन के बाहर बीजेपी और विपक्ष ने अलग-अलग प्रदर्शन किया है।

लोकसभा- India TV Hindi
लोकसभा Image Source : PTI

संसद का मानसून सत्र अपने आखिरी मुकाम पर पहुंच गया है। मानसून सत्र के अब आखिरी 2 दिन बचा है। 13 अगस्त को मानसून सत्र खत्म होने से पहले विपक्ष और सरकार के बीच जारी टकराव में कोई कमी नहीं दिख रही है। राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर चर्चा और दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग कर रहे कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के सदस्यों के हंगामे के कारण लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही लगातार बाधित रही है।

आज भी लोकसभा में भारी हंगामा हुआ। इससे पहले संसद भवन के बाहर बीजेपी और विपक्ष ने अलग-अलग प्रदर्शन किया है। विपक्षी सांसदों ने जहां गृह मंत्र सदन में आकर जवाब दो के नारे लगाए तो बीजेपी के सांसदों ने एक बार फिर झारखंड में छात्रों पर लाठीचार्ज के मुद्दे पर प्रदर्शन किया और राहुल के खिलाफ नारेबाजी की। कल भी इसी मुद्दे पर विपक्ष और NDA ने लगभग एक ही समय प्रदर्शन किया था। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने सामने आ गए थे, टकराव की स्थिति पैदा हो गई थी। आज अभी तक टकराव तो नहीं दिखा है लेकिन कोई भी पक्ष पीछे हटने को तैयार नहीं दिख रहा है।

 

Parliament Monsoon Session LIVE

Auto Refresh
Refresh
  • 3:18 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    लोकसभा की कार्यवाही स्थगित

    लोकसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई है और यह अब 13 अगस्त, 2026 को सुबह 11 बजे फिर से शुरू होगी।

     

  • 2:50 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    अमित शाह की लोकसभा स्पीकर को चिट्ठी

    गृहमंत्री अमित शाह ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को चिट्ठी लिखी है। इसमें उन्होंने छात्र आंदोलन पर चर्चा कराने की मांग की है। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष को कहा है कि सरकार सदन में चर्चा कराने और सभी सवालों का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। वहीं, राहुल गांधी ने कहा कि वे अमित शाह का लेक्चर नहीं सुनना चाहते हैं।

     

  • 2:43 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    जस्टिस यशवंत वर्मा पर जांच पैनल की रिपोर्ट संसद में पेश

    जस्टिस यशवंत वर्मा पर जांच पैनल की रिपोर्ट को संसद में पेश किया गया।

  • 2:35 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    FCRA बिल को JPC में भेजा गया

    FCRA बिल को संसद की संयुक्त समिति (JPC) के पास भेज दिया गया है। समिति अपनी रिपोर्ट शीतकालीन सत्र के पहले सप्ताह में सौंपेगी। बता दें कि कांग्रेस का कहना है कि FCRA बिल से अल्पसंख्यकों को टारगेट किया जा रहा है।

    • JPC में लोकसभा के 21 सदस्य होंगे
    • JPC में राज्यसभा के 10 सदस्य होंगे

     

  • 1:48 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    अमित शाह विपक्ष के सवाल का जवाब नहीं देना चाहते- अभिषेक बनर्जी

    TMC सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा, आप गृह मंत्री को बोलिए कि वो सदन में आ जाएं। आप जो मेरे से पूछ रहे हैं, वो उनको बोलिए कि सदन में आकर बोल दें, वो आ ही नहीं रहे हैं। इतनी पार्टी तोड़ने के बाद और इतना बहुमत रहने के बाद आप जब सदन में नहीं आ रहे हैं तो यह दर्शाता है कि आप कहीं न कहीं विपक्ष के सवाल का जवाब नहीं देना चाहते हो। आप अंदर से घबराए हुए है और आप भी अंदर से जानते हो कि दिल्ली में आपके निर्देशों पर जो हुआ, वो कहीं न कहीं गलत है और उसका जवाब आपके पास नहीं है।

  • 12:29 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    पिछले 20 दिनों से अमित शाह गायब हैं- राहुल गांधी

    लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर कहा, "विपक्ष ने साफ़ कहा है कि हमें अमित शाह का बयान सुनने में कोई दिलचस्पी नहीं है। जब मैं 'हम' कहता हूं, तो मेरा मतलब देश की युवा पीढ़ी से है। छात्रों पर गोली किसने चलाई? कील लगी लाठियों से छात्रों को पीटने का आदेश किसने दिया? क्या हमारे बच्चों पर गोली चलाने का आदेश अमित शाह ने दिया था? अगर उन्होंने ऐसा किया है, तो उन्हें इस्तीफ़ा दे देना चाहिए। पिछले 20 दिनों से अमित शाह गायब हैं। भारत के गृह मंत्री में हिम्मत नहीं है, वे सदन में नहीं आ सकते।"

  • 12:00 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    गृहमंत्री अमित शाह का बड़ा बयान

    संसद में जारी गतिरोध के बीच गृहमंत्री अमित शान ने बड़ा बयान दिया है। शाह ने कहा कि विपक्ष संसद चलने दें, हम चर्चा के लिए तैयार हैं। सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है। लेकिन विपक्ष संसद को चलने ही नहीं दे रहा है। 3 बजे तक मैं सदन में ही रहूंगा। आगे उन्होंने कहा, ''लापता भगोड़े, भाग गए ये शब्द ठीक नहीं है। जनता तय करे कि कौन भाग रहा है।''

  • 11:20 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    राज्यसभा में भी विपक्ष का जोरदार हंगामा, कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित

    राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होते विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया। किरेन रिजिजू के बोलने के समय विपक्ष ने जमकर नारेबाजी की। किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। वहीं, हंगामे के चलते लोकसभा के बाद अब राज्यसभा की कार्यवाही भी दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई है।

  • 11:13 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    प्रियंका गांधी का सरकार पर अटैक

    कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा कि छात्रों पर पैलेट गन चलाते हो, क्या हम लोग चुपचाप बैठें बस। क्या सरकार की जवाबदेही नहीं है। प्रियंका ने कहा, "ये वो जगह है जहां उन्हें प्रश्न के जवाब देना चाहिए और अपना बयान देना चाहिए। छात्रों का बहुत बड़ा प्रदर्शन हुआ और उन्हें वहां पर पीटा गया, उन पर पैलेट गन चलाए गए, आंसू गैस का इस्तेमाल हुआ और बिहार में AK-47 का उपयोग हुआ और सरकार को ये महसूस नहीं हो रहा है कि उन्हें इस पर जवाब देना चाहिए और उन्होंने बयान नहीं दिया कि ये सब कैसे हुआ और किसके आदेश पर हुआ। पूरे देश से राम मंदिर के लिए चंदा आई थी सबने अपने आस्था और दिल से वो पैसे दिए थे...भगवान राम में आस्था सिर्फ देश में ही नहीं बल्कि बाहर भी है और आप कह रहे हैं कि ये राज्य का मुद्दा है और अब वो जवाब नहीं देंगे?"

    वहीं, FCRA बिल को लेकर अखिलेश यादव ने सवाल पूछा कि FCRA बिल क्यों ला रहे हैं। उन्होंने कहा कि माइनॉरिटी को दबाने के लिए यह बिल लाया जा रहा है।

     

  • 11:09 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    JPC के पास भेजा जा सकता है FCRA बिल

    संसद में जारी डेडलॉक के बीच बड़ी खबर ये है कि FCRA बिल पर सरकार झुकी है। सरकार आज FCRA बिल को JPC के पास भेजने का प्रस्ताव रख सकती है। हालांकि FCRA बिल को लेकर विपक्ष में फूट पड़ गई है। कांग्रेस जहां इस बिल को पूरी तरह से वापस लेने की मांग कर रही है तो वहीं टीएमसी,  डीएमके और बीजेडी इसे ज्वाइंट पार्लियामेंट्री कमेटी में भेजना चाहते हैं। ये बिल पिछले साल मार्च में लोकसभा में पेश किया गया था लेकिन उस वक्त भी भारी विरोध को देखते हुए सरकार ने इसे ठंडे बस्ते में डाल दिया था।

    डीएमके और NCP के रुख के बाद सरकार इसे ठंडे बस्ते में डालने को तैयार है ताकि परिसीमन बिल पर इन विपक्षी दलों का सहयोग मिल सके। सरकार इसके जरिये डेडलॉक खत्म करने की कोशिश कर रही है लेकिन कांग्रेस के तेवर तीखे हैं।

     

  • 11:07 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित

    लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने हंगामा शुरू कर दिया। स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि देश चाहता है सदन चले। सरकार ने चर्चा पर सहमति दी है। हालांकि भारी हंगामे के चलते कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।

     

     

  • 11:03 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    संसद में नॉनस्टॉप संग्राम

    संसद के मानसून सत्र में कार्यवाही हंगामेदार रही और लगातार 17वें दिन भी सदन में प्रश्नकाल तथा शून्यकाल नहीं चल सके। विपक्षी दलों के सांसद अयोध्या के राम मंदिर से चढ़ावे की कथित चोरी पर सदन में चर्चा और प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई पर गृह मंत्री शाह के जवाब की मांग को लेकर लगातार हंगामा कर रहे हैं, जिससे दोनों सदनों में अब तक कोई कामकाज नहीं हो सका।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत