1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. हरकतों से बाज नहीं आ रहा पाकिस्तान, LoC पर फिर की गोलीबारी, मिला करारा जवाब

हरकतों से बाज नहीं आ रहा पाकिस्तान, LoC पर फिर की गोलीबारी, मिला करारा जवाब

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 10, 2020 01:01 pm IST,  Updated : Aug 10, 2020 01:01 pm IST

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा की अग्रिम चौकियों पर पाकिस्तान के सैनिकों ने गोलीबारी करके संघर्षविराम समझौते का सोमवार को उल्लंघन किया।

हरकतों से बाज नहीं आ रहा पाकिस्तान, LoC पर फिर की गोलीबारी, मिला करारा जवाब- India TV Hindi
हरकतों से बाज नहीं आ रहा पाकिस्तान, LoC पर फिर की गोलीबारी, मिला करारा जवाब Image Source : PTI

जम्मू: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा की अग्रिम चौकियों पर पाकिस्तान के सैनिकों ने गोलीबारी करके संघर्षविराम समझौते का सोमवार को उल्लंघन किया। एक रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि बालाकोट सेक्टर में सुबह 10 बजकर 15 मिनट पर बिना उकसावे के गोलीबारी हुई। नियंत्रण रेखा की रक्षा में तैनात भारतीय सैनिकों ने इस गोलीबारी का माकूल जवाब दिया। 

उन्होंने बताया कि अंतिम खबर मिलने तक दोनों ओर से गोलीबारी जारी थी। प्रवक्ता ने कहा कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी सेना के जवानों ने तारकुंडी गांव को निशाना बनाकर मोर्टार के गोले दागे जिससे गांव के लोगों में दहशत फैल गई। रविवार को भी पाकिस्तान के सैनिकों ने मानकोट, शाहपुर, किरणी और कृष्णा घाटी सेक्टरों में भारी गोलाबारी की थी।

वहीं, इससे पहले शुक्रवार को भी पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) पर पाकिस्तान ने गोलीबारी की थी, जिसमें दो लोगों की मौत हुई थी। अधिकारियों द्वारा शनिवार को दी गई जानकारी के मुताबिक, पुंछ जिले के ताइन मनकोट के 65 वर्षीय मोहम्मद सादिक ने पाकिस्तान की गोलाबारी में गंभीर रूप से घायल होने के कारण दम तोड़ दिया था। नियंत्रण रेखा पर शुक्रवार को पाक की गोलीबारी में दो नागरिक मारे गए और छह घायल हुए थे।

वहीं, कुपवाड़ा जिले में शुक्रवार को नियंत्रण रेखा के तंगधार क्षेत्र में पाकिस्तान ने सुरक्षाकर्मी और नागरिकों को निशाना बनाते हुए गोलीबारी की, जिसमें एक नागरिक की मौत हो गई और 6 अन्य घायल हो गए। पाकिस्तान ने शुक्रवार को नियंत्रण रेखा पर कई बार संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए गोलीबारी को अंजाम दिया था। पाकिस्तान ने शुक्रवार तड़के मेंधर और बालाकोट क्षेत्रों में गोलीबारी शुरू कर दी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत