1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पंजाब के बामियाल में घुसा पाकिस्तानी ड्रोन, BSF की गोलीबारी के बाद वापस भागा

पंजाब के बामियाल में घुसा पाकिस्तानी ड्रोन, BSF की गोलीबारी के बाद वापस भागा

 Written By: Bhasha
 Published : Mar 14, 2021 07:58 pm IST,  Updated : Mar 14, 2021 07:58 pm IST

पंजाब के पठानकोट में एक पाकिस्तानी ड्रोन रविवार को भारतीय क्षेत्र में घुसा लेकिन जब सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने उसे देखा और उसकी दिशा में गोलाबारी की, तो वह वापस लौट गया।

पंजाब के बामियाल में घुसा पाकिस्तानी ड्रोन, BSF की गोलीबारी के बाद वापस भागा- India TV Hindi
पंजाब के बामियाल में घुसा पाकिस्तानी ड्रोन, BSF की गोलीबारी के बाद वापस भागा Image Source : PTI

चंडीगढ़: पंजाब के पठानकोट में एक पाकिस्तानी ड्रोन रविवार को भारतीय क्षेत्र में घुसा लेकिन जब सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने उसे देखा और उसकी दिशा में गोलाबारी की, तो वह वापस लौट गया। यह जानकारी पुलिस के एक अधिकारी ने दी। पठानकोट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गुलनीत सिंह खुराना ने कहा, ‘‘पाकिस्तान की ओर से आये ड्रोन को भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे बामियाल के निकट डिंडा चौकी पर देखा गया।’’ 

उन्होंने कहा कि बीएसएफ जवानों ने उसकी दिशा में गोलीबारी की, जिसके बाद वह पड़ोसी देश में लौट गया। यह पूछने पर कि ड्रोन ने क्या वापस लौटने से पहले भारतीय क्षेत्र में कुछ गिराया, खुराना ने कहा, ‘‘उक्त स्थल पर गहन तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन कुछ भी नहीं मिला।’’ 

गौरतलब है कि दिसंबर 2020 में पंजाब के गुरदासपुर जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एक खेत से पाकिस्तान से आये एक ड्रोन द्वारा गिराए गए 11 हथगोले बरामद किए गए थे। ये हथगोले सीमा से करीब एक किमी दूर स्थित सालाच गांव में मिले थे। पुलिस ने तब कहा था कि हथगोले लकड़ी के एक फ्रेम से जुड़़े हुए थे, जिसे ड्रोन से नायलॉन की रस्सी से जमीन पर उतारा गया था। 

पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार गिराने की पहली घटना सितंबर 2019 में पंजाब में सामने आई थी, तब पुलिस ने तरनतारण जिले में एके-47 राइफल, मैगजीन और गोलियां, हथगोले, नकली मुद्रा और अन्य सामान बरामद किए थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।

bsf