आगरा: आगरा में घर के भीतर से एक करोड़पति कारोबारी के बेटे का अपहरण हो गया। बच्चा घर के लॉन में खेल रहा था तभी 2 किडनैपर आए और उसे बाइक पर बैठाकर चले गए। इस किडनैपिंग की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हैं और इन्हीं तस्वीरों के आधार पर अब पुलिस बच्चे की तलाश में जुटी हुई है।
क्या है पूरा मामला?
शाम पौने 7 बजे का वक्त था। सड़क पर ट्रैफिक पूरे रफ्तार के साथ चल रहा था। पहले एक किडनैपर पैदल टहलते हुए आया, गेट के सामने रुककर अपने दूसरे साथी का इंतजार करने लगा और थोड़ी देर बाद गेट के अंदर घुस गया। चंद सेकेंड बाद अंदर से एक बाइक निकली। बाइक पर बीच में एक बच्चा था और पीछे किडनैपर बैठा था। ट्रैफिक धीमे होते ही बाइक सवार तेजी से उल्टी दिशा की ओर भाग गया। किडनैपिंग की ये तस्वीरें आगरा के मदिया कटरा इलाके की हैं। शहर के बड़े पेपर कारोबारी प्रतीक वार्ष्णेय का बेटा दिव्य अपने घर के लॉन में दादी के साथ खेल रहा था। इसी साइकिल पर बैठकर लॉन के चक्कर लगा रहा था तभी दो लोग आए और घर से ही 6 साल के इस बच्चे को उठा ले गए।
किडनैपिंग की ये वारदात घर के पास मौजूद किराने की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। इसी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने इस बच्चे की तलाश शुरू कर दी है। आगरा पुलिस की 7 टीमें बनाई गई हैं जो पूरे आगरा रेंज में बच्चे को तलाश कर रही हैं। बच्चे की किडनैपिंग के बाद कुछ लोगों ने बदमाशों का पीछा भी किया था लेकिन जब तक पकड़ पाते किडनैपर आंखों के सामने से गायब हो गए।
पुलिस घरवालों के लगातार संपर्क में हैं और शहर के बॉर्डर को पूरी तरह सील कर दिया गया है। हर तरफ बच्चे की तलाश के लिए चौकसी बरती जा रही है। पुलिस ने ये कबूल कर लिया है कि बच्चे की किडनैपिंग हुई है लेकिन अपहरण किसने किया अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।
देखिए वीडियो-