नई दिल्ली: पंजाब के पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन पर सुबह 3 बजे हुए आत्मघाती हमले में सेना ने 5 आतंकियों को मार गिराया है। हमला आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने किया। मुठभेड़ में एयरफोर्स के 3 जवान शहीद हो गए और 6 जवान घायल हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, सभी आतंकी पाकिस्तान के बहावलपुर से आए थे। आतंकी भारतीय सीमा के पास एक नाले के रास्ते घुसे थे।
पठानकोट में सर्च ऑपरेशन के दौरान रुक-रूक कर गोलीबारी हो रही है। एयरफोर्स ने 2 लड़ाकू हेलीकॉप्टरों को अभियान में लगाया है जो उन इलाकों को निशाना बना रहे हैं जहां गोलीबारी होने का पता चला है। सुरक्षा बलों ने आतंकियों के सही ठिकाने का पता लगाने के लिए ड्रोन तैनात किए हैं।
सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, आतंकियों ने हमले से पहले देर रात पाकिस्तान फोन किया था। जांच में पता चला है कि, आतंकियों ने पंजाब के गुरदासपुर से रात 12:30 बजे से 1:45 के बीच में 4 बार पाकिस्तान फोन किया था। सुरक्षा एजेंसियां कॉल की डीटेल पता करने में जुटी हैं।
आतमकवादियों ने हमले के लिए इनोवा कार इस्तेमाल किया था जो उन्होंने गुरदासपुर से ड्राइवर की हत्या कर के चुराई थी। कार में जैश से जुड़े कुछ कागजात मिले हैं।

आत्मघाती हमले को लेकर दिल्ली में सिक्योरिटी रिव्यू मीटिंग बुलाई गई है। मीटिंग में IB, RAW और NSA अधिकारी मौजूद हैं। NSA अजीत डोवाल एयरफोर्स स्टेशन पर हुए आतंकी हमले की जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देंगे।

अधिकारियों के मुताबिक, आत्मघाती हमले पर NSA अजीत डोवाल खुद मॉनीटर कर रहे थे। सुरक्षा बलों ने इलाके को सील कर रेड अलर्ट जारी कर दिया है। आतंकियों से निपटने के लिए NSG और गरुढ़ कमांडो की फोर्स भी मौके पर पहुंची थी। आतंकियों के सर्च ऑपरेशन के लिए हेलीकॉप्टर लगाए गए थे, साथ ही ड्रोन से निगरानी रखी जा रही है।

एयरफोर्स के अधिकारी ने जानकारी देते हुए कहा कि, एयरफोर्स स्टेशन का टेक्निकल एरिया सुरक्षित है। साथ ही एयरफोर्स में मौजूद हेलिकॉप्टर, मिग विमान भी सुरक्षित हैं।
बताया जा रहा है कि पठानकोट में भारत-पाक सीमा से लगे गांव कौलिया इनोवा गाड़ी में एक ड्राइवर का शव मिला है। पुलिस एसपी को अगवा किए जाने वाली वारदात से भी जोड़कर जांच कर रही है।
आतंकी हमले के चलते हिमाचल और जम्मू से जुड़ा हाईवे भी बंद कर दिया गया है। साथ ही पालम एयरबेस की भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है और हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।