पठानकोट: पठानकोट में देश के सामरिक वायु सेना अड्डे पर आतंकी हमले के दौरान सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारे गए चार आतंकवादियों के शवों को आज पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि पूरे वायु सेना अड्डे की छानबीन के लिए किया जा रहा तलाशी अभियान अपने आखिरी चरण में है।
हमले में शामिल सभी 6 आतंकी मारे गए हैं। यह मुठभेड़ शनिवार तड़के शुरू हुई थी। चार आतंकियों के पूरे शव मिले जबकि अन्य दो के शव टुकड़ों में थे। अधिकारियों ने कहा कि चार आतंकियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए यहां के सिविल अस्पताल लाया गया है। उन्होंने कहा कि चार डॉक्टरों की एक टीम उनका पोस्टमार्टम करेगी।
इस बीच, वायु सेना अड्डे को पूरी तरह से साफ करने के लिए चल रहा अभियान आज भी जारी रहा। पठानकोट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आरके बख्शी ने कहा, पूरे क्षेत्र में हमारा काम प्रगति पर है। सुरक्षा अधिकारियों ने कहा कि तलाशी अभियान अग्रिम अड्डे पर जारी रहेगा जहां पर सात सुरक्षा कर्मी और छह आतंकी मारे गए थे।
रक्षा मंत्री पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं अब अंदर कोई संदिग्ध आतंकवादी नहीं है। (फिर भी) जब तक तलाशी अभियान पूरा नहीं हो जाता मैं कोई नकारात्मक रिपोर्ट नहीं दूंगा। उन्होंने कहा कि तलाशी अभियान सुरक्षा कारणों से चलाया जा रहा है क्योंकि वहां पर जिंदा और बिना विस्फोट हुए बमों के अलावा गोलियां भी हैं।