मुंबई: शीना बोरा हत्याकांड के प्रमुख आरोपियों में से एक पीटर मुखर्जी को एक विशेष अदालत ने मंगलवार को 14 दिसंबर तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मुखर्जी को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने 19 नवंबर को मुंबई से गिरफ्तार किया था। वह अभी तक सीबीआई की हिरासत में थे।
अभियोजन पक्ष के वकील ने कहा कि फिलहाल सीबीआई पीटर मुखर्जी की हिरासत नहीं चाहती, इसलिए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया जाए। इससे पहले हाई प्रोफाइल शीना बोरा हत्याकांड में मुंबई की एक विशेष अदालत ने पीटर मुखर्जी की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) हिरासत मंगलवार तक के लिए बढ़ा दी थी। सीबीआई ने मुखर्जी की चार दिनों की हिरासत मांगते हुए कहा था कि वह इस बात की पड़ताल करना चाहती है कि हत्याकांड कहीं पैसों के लेनदेन या किसी अन्य मसले से तो नहीं जुड़ा।
सीबीआई ने यह भी कहा था कि वह उनकी हिरासत इसलिए भी चाहती है कि क्योंकि वह इस बात से आश्वस्त हो जाना चाहती है कि 28 नवंबर को हुए पॉलिग्राफ टेस्ट के दौरान उन्होंने कोई गलत सूचना तो नहीं दी। रिमांड का विरोध करते हुए बचाव पक्ष के वकील ने दावा किया था कि पीटर के पास छुपाने के लिए कुछ भी नहीं है और अपनी इच्छा से उन्होंने पॉलिग्राफ टेस्ट के लिए हामी भरी थी।