जयपुर: राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के धोलापानी थाना इलाके में तेज रफ्तार से जा रही एक पिकअप वैन सड़क के किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई जिससे 11 महिलाओं समेत 18 लोगों की मौत हो गई और 16 अन्य घायल हो गये। धोलापानी थाने में पदस्थापित पुलिस अधिकारी रतनलाल के अनुसार पिकअप के ट्रक से टकरा जाने से बारह लोगों ने मौके पर ही और ह ने अस्पताल ले जाते समय या अस्पताल पहुंचने के बाद दम तोड़ा । घायलों में से पंद्रह को उदयपुर और एक को प्रतापगढ़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
पुलिस के अनुसार, सभी मृतकों की फिलहाल पहचान नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है । मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने प्रतापगढ़ में हुई सड़क दुर्घटना पर दुख प्रकट करते हुए मरने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
राजे ने इस हादसे के मृतकों की आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री सहायता कोष से मृतकों के आश्रितों को 50-50 हजार, गंभीर घायलों को प्रति व्यक्ति 25 हजार तथा साधारण घायलों को प्रति व्यक्ति 2500 रुपये भी स्वीकृत किये गये हैं।