नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चेन्नई के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे किया। मोदी ने तमिलनाडु में बाढ़ राहत कार्यों के लिए 1 हजार करोड़ रुपए की सहायता राशि की घोषणा की। वह नेवी के अराकोनम एयरबेस पहुंचे और वहां पर भी राहत कार्यों का जायजा लिया। अराकोनम एयरबेस से वह चेन्नई में आईएनएस अडयार पहुंचे जहां तमिलनाडु की सीएम जे जयललिता ने उनकी अगवानी की।
पीएम ने ट्वीट कर अपने चेन्नई रवाना होने के बारे में बताया था। उन्होंने लिखा था, "बारिश के कारण पैदा हुए बाढ़ की विभीषिका का जायजा लेने के लिए चेन्नई के लिए रवाना हो रहा हूं।"
बता दे कि सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट फेसबुक ने भी चेन्नई के लिए अपना सुरक्षा जांच फीचर शुरू किया है। फेसबुक का इस्तेमाल करने वाले इस बटन के जरिए अपने नेटवर्क में शामिल लोगों को बता सकते हैं कि वे बाढ़ से सुरक्षित हैं। चेन्नई में इस सदी की सबसे भारी बारिश हो रही है।
गौरतलब है कि चेन्नई में बीते तीन दिन से लगातार बारिश हो रही है। कल रात चेंबारमबकम झील से अतिरिक्त पानी आने से कई और इलाके बाढ की चपेट में आ गए। लोग एक दूसरे का हाल जानने तथा मदद करने के लिए फेसबुक व ट्वीटर जैसी सोशल मीडिया वेबसाइटों का इस्तेमाल कर रहे हैं। भारत में ट्वीटर पर चेन्नईफ्लड्स हैशटैग सबसे प्रमुख रहा।