नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पाकिस्तान में पीएम नवाज शरीफ से मुलाकात कर भारत लौट आए हैं। दिल्ली हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत हुआ। मोदी एयरपोर्ट पर मौजूद आम लोगों से मिले। इसके बाद वह एयरपोर्ट से सीधे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के घर पहुंचे जहां उन्होंने अटल जी को जन्मदिन की बधाई दी।
इससे पहले पीएम मोदी आज शाम अचानक बने कार्यक्रम के तहत काबुल से नई दिल्ली लौटते समय प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से मिलने लाहौर पहुंचे थे। हवाईअड्डे पर शरीफ ने उनकी अगवानी की। मोदी अलामा इकबाल अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर जैसे ही भारतीय वायुसेना के विमान से नीचे उतरे, शरीफ ने गर्मजोशी से उन्हें गले लगाया। इसके बाद उन्होंने शरीफ को जन्मदिन की बधाई दी।
शरीफ के छोटे भाई और पंजाब प्रांत के मुख्यमंत्री शाहबाज शरीफ और पाकिस्तान के वित्तमंत्री इशाक डार भी मोदी की अगवानी में शामिल थे। भारतीय राजदूत टी.सी.ए. राघवन भी इस मौके पर उपस्थित थे।