नई दिल्ली: विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के संरक्षक अशोक सिंघल का आज शाम को निगम बोध घाट पर पूरे विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया जाएगा। आज उनका पार्थिव शरीर दिल्ली के आरके पुरम स्थित विश्व हिंदू परिषद के कार्यालय में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया।
अशोक सिंघल के अंतिम दर्शन के लिए पीएम मोदी, बीजेपी प्रेसिडेंट अमित शाह, वित्त मंत्री अरुण जेटली, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, बीजेपी के सीनियर लीडर मुरली मनोहर जोशी, बीजेपी सांसद साध्वी निरंजन ज्योति और प्रवीण तोगड़िया समेत बीजेपी, संघ और वीएचपी के कई दिग्गज नेता पहुंचे। उनके अंतिम दर्शन का समय दोपहर 3 बजे तक रखा गया था।
गौरतलब है कि नेता अशोक सिंघल का कल गुड़गांव के मेदांता हॉस्पीटल में निधन हो गया था। उनके मौत की खबर वीएचपी नेता प्रवीण तोगड़िया ने मीडिया को दी थी।
सिंघल को पिछले गुरुवार को तबीयत बिगड़ने के बाद दोबारा गुड़गांव के मेदांता हॉस्पीटल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की भरसक कोशिशों के बावजूद उन्हें नहीं बचाया जा सका। 89 वर्षीय सिंघल तो सांस संबंधी दिक्कत थी और 20 अक्टूबर को इलाहाबाद में तबीयत खराब होने के बाद उन्हें मेदांता लाया गया था।