1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बेरूत विस्फोट पर पीएम मोदी ने जताया दुख, कहा- हैरान हूं

बेरूत विस्फोट पर पीएम मोदी ने जताया दुख, कहा- हैरान हूं

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 05, 2020 09:26 am IST,  Updated : Aug 05, 2020 09:26 am IST

लेबनान की राजधानी बेरूत में मंगलवार को हुए विस्फोट में 70 से अधिक व्यक्तियों की मौत हो गई और 3700 लोग घायल हो गए।

बेरूत विस्फोट पर पीएम मोदी ने जताया दुख, कहा- हैरान हूं- India TV Hindi
बेरूत विस्फोट पर पीएम मोदी ने जताया दुख, कहा- हैरान हूं Image Source : PTI

बेरूत/नई दिल्ली: लेबनान की राजधानी बेरूत में मंगलवार को हुए विस्फोट में 70 से अधिक व्यक्तियों की मौत हो गई और 3700 लोग घायल हो गए। विस्फोट से बंदरगाह का एक बड़ा हिस्सा और कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं। यह विस्फोट बहुत भीषण था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस विस्फोट और इससे हुए जान-माल के नुकसान पर दुख जताया है। 

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बयान ट्वीट किया गया। PMO ने ट्वीट किया, "बेरूत शहर में हुए भीषण विस्फोट से हैरान और दुखी हूं। इसमें लोगों की जान गई है और संपत्ति का नुकसान हुआ है। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक में डूबे परिवारों तथा घायलों के साथ हैं।"

वहीं, लेबनान के प्रधानमंत्री हसन दिएब ने कहा है कि यह विस्फोट 2750 टन अमोनियम नाइट्रेट से हुआ था। धमाका इतना तेज था कि आस-पास सब तरफ आग लग गई, कारें पलट गईं और लोगों के घरों में खिड़की-दरवाजों के शीशे टूट गए। 

लेबनान के सामान्य सुरक्षा के प्रमुख अब्बास इब्राहिम ने कहा कि हो सकता है कि धमाका अत्यधिक विस्फोटक सामग्री से हुआ हो, जिसे कुछ समय पहले एक जहाज से जब्त किया गया था और बंदरगाह पर रखा गया था। स्थानीय टेलीविजन चैनल एलबीसी ने कहा कि यह सामग्री सोडियम नाइट्रेट थी और यही बात अब लेबनान के पीएम भी कह रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट के कई घंटे बाद भी एंबुलेंस घायलों को अस्पताल पहुंचा रही हैं। वहीं सेना के हेलीकॉप्टर पोर्ट पर लगी आग को बुझाने में मदद कर रहे हैं। इस विस्फोट से आग लग गई, कारें पलट गईं और खिड़कियों और दरवाजें के शीशे टूट गए। 

बताया गया है कि ऐसे दो धमाके यहां हुए हैं जिनमें से एक पोर्ट इलाके में और एक शहर के अंदर हुआ है। ये धमाके इतने जोरदार थे कि लगभग पूरे शहर की इमारतों को नुकसान पहुंचा है। शहर की गलियों में धुआं घुस गया है। करीब 15 मिनट के अंतराल पर एक के बाद एक दो धमाके होने से सुरक्षा पर सवाल भी खड़ा हो गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत