1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पीएम मोदी कोरोना वैक्सीन बनाने वाली सात कंपनियों के प्रतिनिधियों से आज करेंगे मुलाकात

पीएम मोदी कोरोना वैक्सीन बनाने वाली सात कंपनियों के प्रतिनिधियों से आज करेंगे मुलाकात

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 23, 2021 12:58 pm IST,  Updated : Oct 23, 2021 12:58 pm IST

प्रधानमंत्री मोदी इस दौरान भारत की सभी पात्र आबादी का जल्द से जल्द टीकाकरण करने और ‘‘सभी के लिए टीका’’ मंत्र के तहत अन्य देशों की मदद करने पर बल दे सकते हैं।

पीएम मोदी कोरोना वैक्सीन बनाने वाली सात कंपनियों के प्रतिनिधियों से आज करेंगे मुलाकात - India TV Hindi
पीएम मोदी कोरोना वैक्सीन बनाने वाली सात कंपनियों के प्रतिनिधियों से आज करेंगे मुलाकात  Image Source : PTI

नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को कोरोना वैक्सीन बनाने वाली सात भारतीय कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। यह मुलाकात ऐसे समय में हो रही है, जब भारत ने अपने नागरिकों को वैक्सीन की 100 करोड़ खुराक देने की उपलब्धि हासिल की है। आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री से इस मुलाकात में सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया, भारत बायोटेक, डा.रेड्डीज लेबोरेटरीज, जाइडस कैडिला, बॉयोलॉजिकल ई, जेन्नोवा बायोफार्मा और पेनेसिया बायोटेक के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। 

एक आधिकारिक सूत्र ने बताया कि प्रधानमंत्री इस दौरान भारत की सभी पात्र आबादी का जल्द से जल्द टीकाकरण करने और ‘‘सभी के लिए टीका’’ मंत्र के तहत अन्य देशों की मदद करने पर बल दे सकते हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक भारत में अब तक टीकों की 101.30 करोड़ खुराक दी जा चुकी है। भारत ने 21 अक्टूबर को महामारी के खिलाफ टीकाकरण अभियान के तहत एक अरब खुराक का आंकड़ा पार कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की थी जिसके लिए दुनियाभर से देश को बधाई मिलने का सिलसिला जारी है। 

देश में टीकाकरण के पात्र वयस्कों में से 75 प्रतिशत से अधिक लोगों को कम से कम एक खुराक लग चुकी है, जबकि करीब 31 प्रतिशत लोगों को टीके की दोनों खुराक लग चुकी हैं। नौ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में सभी पात्र लोगों को टीकों की पहली खुराक दी जा चुकी है। टीकाकरण मुहिम की शुरुआत 16 जनवरी को हुई थी और इसके पहले चरण में स्वास्थ्यकर्मियों को टीके लगाए गए थे। इसके बाद दो फरवरी से अग्रिम मोर्चे के कर्मियों का टीकाकरण आरंभ हुआ था। 

टीकाकरण मुहिम का अगला चरण एक मार्च से आरंभ हुआ, जिसमें 60 साल से अधिक आयु के सभी लोगों और गंभीर बीमारियों से ग्रस्त 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को टीके लगाने शुरू किए गए। देश में 45 साल से अधिक आयु के सभी लोगों का टीकाकरण एक अप्रैल से आरंभ हुआ था और 18 साल से अधिक आयु के सभी लोगों का टीकाकरण एक मई से शुरू हुआ। 

इनपुटृ-भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत