1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली की वायु गुणवत्ता फिर 'खतरनाक', अगले 24 घंटों के लिए घना कोहरा रहने की संभावना

दिल्ली की वायु गुणवत्ता फिर 'खतरनाक', अगले 24 घंटों के लिए घना कोहरा रहने की संभावना

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 09, 2019 02:03 pm IST,  Updated : Dec 09, 2019 02:03 pm IST

दिल्ली में सोमवार को वायु गुणवत्ता एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गई। वायु गुणवत्ता सूचकांक 582 पर दर्ज किया गया।

Delhi Air Pollution- India TV Hindi
Delhi Air Pollution

नई दिल्ली: दिल्ली में सोमवार को वायु गुणवत्ता एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गई। वायु गुणवत्ता सूचकांक 582 पर दर्ज किया गया। पूरे दिल्ली में पीएम 2.5 का स्तर अधिकतम 555 पर, जबकि पीएम 10 का स्तर अधिकतम 695 पर पहुंच गया है। दोनों सूचकांक हवा की गुणवत्ता खराब या अच्छा होने के प्रमुख संकेतक हैं।

इस बीच, उपनगरीय नोएडा में एक्यूआई का स्तर भी 444 को छू गया, जो हानिकारक है। लेकिन गुरुग्राम 282 के साथ अपेक्षाकृत बेहतर है, लेकिन यह भी अस्वास्थ्यकर है।

केंद्रीय एजेंसी, सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फॉरकास्ट (सफर) ने रविवार को दिल्ली के लोगों को ज्यादा या भारी कसरत न करने की सलाह दी। एजेंसी ने अपनी एडवाइजरी में कहा, "अधिक ब्रेक लें और तेज गतिविधियां कम करें। अस्थमा रोगी बीमारी, खांसी या सांस लेने में तकलीफ होने के लक्षण होने पर चिकित्सा लें। सांस फूलना, सांस लेने में तकलीफ या असामान्य थकान होने पर दिल के मरीज डॉक्टर से मिलें।"

सफर ने अपने वायु गुणवत्ता अनुमान में कहा, "ठंडी और नम स्थितियों में, अगले 24 घंटों के लिए घना कोहरा रहने की संभावना है।" एजेंसी ने अपने अनुमान में वायु गुणवत्ता में जल्द सुधार की संभावना से इंकार किया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत