नई दिल्ली: निर्भया गैंगरेप मामले के तीन साल बीत जाने के बाद आज नाबालिग अपराधी को छोड़ दिया गया। नाबालिग के वकील एपी सिंह ने इस खबर की पुष्टि की है। वहीं इस फैसले के खिलाफ निर्भया के माता-पिता ने आज शाम 6 बजे इंडिया गेट पर कैंडिल मार्च निकालने की घोषणा की है। इसके पहले आज लोग दोपहर से ही जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर रहे थे। जानकारी के मुताबिक निर्भया के माता पिता को इंडिया गेट नहीं जाने दिया गया उन्हें जंतर मंतर पर ही रोक दिया गया था। वहीं दिल्ली महिला आयोग ने जुवेनाइल बोर्ड को चिट्ठी लिखकर नाबालिग आरोपी को रिहा न करने की मांग की थी।
आपको बता दें पहले यह प्रदर्शन इंडिया गेट पर किया जाना था लेकिन किन्हीं कारणों के चलते पुलिस ने इसकी इजाजत नहीं दी। हालांकि इसके बावजूद लोग इंडिया गेट पर जमा हुए जिसको देखते हुए पुलिस ने खास इंतजाम भी किए गए। मौजूदा जानकारी के मुताबिक इंडिया गेट के आस पास के क्षेत्र में धारा 144 लागू है।
निर्भया के माता पिता बोले निकालेंगे कैंडिल मार्च-
निर्भया के माता पिता ने कहा है कि वो शाम छह बजे के आस पास इंडिया गेट पर एक कैंडिल मार्च निकालेंगे। आपको बता दें कि साल 2012-13 में निर्भया केस के बाद काफी सारे लोगों ने इंडिया गेट पर मौजूद होकर एक ऐतिहासिक प्रदर्शन कर इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की थी। उस दिन पूरा देश निर्भया के लिए एकजुट दिखाई दे रहा था। वहीं निर्भया मामले के नाबालिक अपराधी के छूटने पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए निर्भया की मां ने कहा कि अगर नाबालिग दोषी छूट जाता है तो उन्हें इंसाफ नहीं मिलेगा, उन्होंने अपनी बेटी के लिए तीन साल संघर्ष किया है, लेकन उन्हें नाकामी मिली।