1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पुलवामा हमले पर पाकिस्तान के कबूलनामे के बाद PM मोदी ने उड़ाई विपक्ष की धज्जियां, जानिए क्या कहा

पुलवामा हमले पर पाकिस्तान के कबूलनामे के बाद PM मोदी ने उड़ाई विपक्ष की धज्जियां, जानिए क्या कहा

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 31, 2020 10:21 am IST,  Updated : Oct 31, 2020 10:45 am IST

पुलवामा आंतकी हमले को लेकर पाकिस्तान के मंत्री कबूलनामे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुलवामा हमले के समय विपक्ष की भूमिका पर सवाल उठाए।

PM Modi- India TV Hindi
PM Modi Image Source : TWITTER

केवडिया (गुजरात): पुलवामा आंतकी हमले को लेकर पाकिस्तान के मंत्री कबूलनामे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुलवामा हमले के समय विपक्ष की भूमिका पर सवाल उठाए। गुजरात के केवडिया में राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर पुलवामा हमले का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ''पिछले दिनों पड़ोसी देश की संसद में पुलवामा हमले के सच को स्वीकारा गया। आज यहां जब मैं अर्धसैनिक बलों की परेड देख रहा था, तो मन में एक और तस्वीर थी। ये तस्वीर थी पुलवामा हमले की। देश कभी भूल नहीं सकता कि जब अपने वीर बेटों के जाने से पूरा देश दुखी था, तब कुछ लोग उस दुख में शामिल नहीं थे, वो पुलवामा हमले में अपना राजनीतिक स्वार्थ देख रहे थे।''

पीएम मोदी ने आगे कहा, ''देश भूल नहीं सकता कि तब कैसी-कैसी बातें कहीं गईं, कैसे-कैसे बयान दिए गए। देश भूल नहीं सकता कि जब देश पर इतना बड़ा घाव लगा था, तब स्वार्थ और अहंकार से भरी भद्दी राजनीति कितने चरम पर थी।''

बता दें कि पीएम मोदी, लौह पुरुष सरदार वल्‍लभ भाई पटेल की 145वीं जयंती पर उन्‍हें ‘स्‍टैच्यू ऑफ यूनिटी’ पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए गुजरात के केवडिया आए हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने देशवासियों को एकता की शपथ दिलाई और एकता दिवस परेड का निरीक्षण भी किया।

बता दें कि पाकिस्तान की इमरान खान सरकार में मंत्री फवाद चौधरी ने माना है कि पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर हुए हमले में पाकिस्तान का हाथ था। उन्होंने कहा कि पुलवामा हमला पाकिस्तान की कामयाबी है। फवाद चौधरी ने पुलवामा हमले का श्रेय इमरान खान और उनकी पार्टी पीटीआई को दिया। उन्होंने कहा कि पुलवामा हमला इमरान खान के लिए एक उपलब्धि है।

गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में 14 फरवरी 2019 को सीआरपीएफ के काफिले पर आतंकी हमला किया गया था। एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटक से भरी कार सीआरपीएफ के काफिले से टकरा दी थी। इस आतंकी हमले में 40 जवान शहीद हो गए थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत