1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पंजाब के CM अमरिंदर सिंह की मांग, गरीबों को 10-10 हजार रुपये दे केंद्र सरकार

पंजाब के CM अमरिंदर सिंह की मांग, गरीबों को 10-10 हजार रुपये दे केंद्र सरकार

 Written By: Bhasha
 Published : May 28, 2020 11:27 pm IST,  Updated : May 28, 2020 11:29 pm IST

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बृहस्पतिवार को केंद्र सरकार से गरीबों को दस हजार रूपये प्रदान करने के अलावा लघु एवं मध्यम उद्योगों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की।

पंजाब के CM अमरिंदर सिंह की मांग, गरीबों को 10-10 हजार रुपये दे केंद्र सरकार- India TV Hindi
पंजाब के CM अमरिंदर सिंह की मांग, गरीबों को 10-10 हजार रुपये दे केंद्र सरकार Image Source : PTI FILE

चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बृहस्पतिवार को केंद्र सरकार से गरीबों को दस हजार रूपये प्रदान करने के अलावा लघु एवं मध्यम उद्योगों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की। कांग्रेस पार्टी के 'स्पीक अप इंडिया' अभियान के तहत एक वीडियो मैसेज जारी करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हम चाहते हैं कि केंद्र सरकार गरीब लोगों को 10 हजार रुपये दे।

उन्होंने कहा कि सरकार यह राशि उन गरीबों को प्रदान करे जो अन्न उत्पादन में मदद के अलावा फैक्ट्रियों में काम करते हैं। मुख्यमंत्री ने छोटे, लघु एवं मध्यम उद्योगों को फिर से शुरू करने के लिये आर्थिक सहायता देने की मांग की। बता दें कि पंजाब में बृहस्पतिवार को कोविड—19 संक्रमण से दो और लोगों की मौत हो गयी जबकि प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के 19 नए मामले सामने आये हैं। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी।

स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि अमृतसर के बाबा बकाला कस्बे के बुनाला गांव की साठ साल की महिला में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद 27 मई को उसे अस्पताल में दाखिल कराया गया था । उन्होंने बताया कि वह उच्च रक्तचाप से पीड़ित थी और महिला की स्थिति नाजुक थी और उसे ऑक्सीजन पर रखा गया था। महिला की स्थिति बिगड़ती चली गयी और आज दोपहर एक बज कर 40 मिनट पर महिला को मृत घोषित कर दिया गया । 

इसी प्रकार, लुधियाना में रेलवे सुरक्षा बल का 49 वर्षीय एक जवान की कोरोना वायरस संक्रमण से मौत हो गई। पंजाब सरकार की ओर से बृहस्पतिवार को जारी मेडिकल बुलेटिन में अमृतसर एवं लुधियाना में हुयी मौत के मामलों को शामिल नहीं किया है । बुलेटिन के अनुसार मरने वालों की संख्या प्रदेश में 40 पर पहुंच गयी है।

बुलेटिन में कहा गया है कि इस बीच नये मामलों में अमृतसर में सात, होशियारपुर में चार, जालंधर और संगरूर में तीन-तीन जबकि रूप नगर एवं मोहाली में एक-एक मामला प्रकाश में आया था। बुलेटिन में कहा गया है कि नये संक्रमितों में से एक व्यक्ति विदेश से आया है । इसमें कहा गया है ​कि प्रदेश में आज 28 लोगों को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी, जिसमें जालंधर के 13, अमृतसर के नौ, गुरदासपुर एवं संगरूर के तीन-तीन लोग शामिल हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत