जयपुर: राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने चित्तौड़गढ़ की बंद पड़ी खानों में फिर से काम शुरू करने के एवज में रिश्वत के मामले में भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रमुख सचिव (खदान) अशोक सिंघवी को गिरफ्तार किया है।
ब्यूरो ने इस मामले में सिंघवी समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर चार करोड़ 28 लाख रूपये की रिश्वत की राशि जब्त की है ।
रिश्वत की यह राशि उदयपुर में खान विभाग में पदस्थापित अतिरिक्त निदेशक-खदान पंकज गहलोत और भीलवाड़ा में खान विभाग में पदस्थापित अधीक्षण अभियंता पुष्कर राज आमेटा के माध्यम से सिंघवी तक पहुंचनी थी।
ब्यूरो के महानिरीक्षक दिनेश एमएन ने यहां पीटीआई भाषा को बताया कि उदयपुर में दलाल संजय सेठी और श्याम सिंह के पास से जब्त की गई दो करोड़ 55 लाख रपए की राशि रिश्वत के रूप में दी जानी थी । इस मामले में पूछताछ के बाद अशोक सिंघवी का नाम सामने आया ।
उन्होंने बताया कि सिंघवी से कल शाम लंबी पूछताछ करने और उनके कार्यालय एवं घर में मिले अहम दस्तावेजों के बाद उन्हें कल देर रात गिरफ्तार कर लिया गया।
ब्यूरो महानिरीक्षक ने बताया कि इस मामले में पंकज गहलोत, पुष्कर राज आमेटा, संजय सेठी, श्याम सिंह, एक अन्य दलाल रशीद खान और सिंघवी को गिरफ्तार किया जा चुका है। ब्यूरो मामले की जांच कर रहा है।
अगली स्लाइड में देखें वीडियो........