नई दिल्ली: दिल्ली में दो दिन में रोडरेज की दूसरी वारदात सामने आई है। इस बार रोड रेज का शिकार कोई और नहीं बल्कि सांसद का परिवार हुआ है।
जहानाबाद से सांसद अरुण कुमार के परिवार के साथ शराब के नशे में धुत कुछ लोगों ने मारपीट की। आरोपियों ने पार्किंग को लेकर सांसद की बेटी को अपशब्द कहे और इसके बाद सासंद के बेटे और भतीजे को बुरी तरह से पीट दिया।
दिल्ली में हौज़ खास की K 28 बिल्डिंग में सांसद अरुण कुमार का परिवार रहता है। यहां पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों ने शराब के नशे में पहले इनके भतीजे और फिर बेटे की जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि इन्होने सासंद की पत्नी के साथ भी धक्का-मुक्की की।
सांसद अरुण कुमार साउथ एवेन्यू में रहते हैं लेकिन उनका बेटा ऋतुराज औऱ भतीजा ऋषभ परिवार के साथ हौज़ खास में रह रहे थे। ऋतुराज सुप्रीम कोर्ट में वकील हैं और ऋषभ इजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है।
पिछले 6-7 महीने से घर के सामने वाली बिल्डिंग में रह रहे लोगों से इनकी कहासुनी हो रही थी जिसे परिवार और खुद सांसद भी नज़रअंदाज कर रहे थे। लेकिन आरोप है कि रविवार को उन लोगों ने बिल्डिंग के गेट पर खड़ी स्कूटी हटाने को लेकर सासंद की बेटी को अपशब्द कहे फिर विरोध करने पर ऋषभ और ऋतुराज को बुरी तरह से पीट दिया।
सांसद अरुण कुमार के परिवार के मुताबिक आरोपी इलाके के दबंग माने जाते हैं। इन पर कई बार लोगों को धमकाने और शराब के नशे में मारपीट का आरोप लगा है लेकिन किसी ने भी उनके खिलाफ आवाज़ नहीं उठाई।
आरोप है कि पुलिस ने भी सभी 13 आरोपियों को भागने में मदद की, लेकिन जब सांसद ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर से इसकी शिकायत की तब जाकर दिल्ली पुलिस हरकत में आई।
पुलिस ने सांसद के परिवार के साथ मारपीट करने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।