1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जैसे राहुल गांधी का कॉलर पकड़ा, धक्का मारा और गिराया, यह लोकतंत्र का गैंगरेप है: संजय राउत

जैसे राहुल गांधी का कॉलर पकड़ा, धक्का मारा और गिराया, यह लोकतंत्र का गैंगरेप है: संजय राउत

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 02, 2020 12:00 pm IST,  Updated : Oct 02, 2020 12:00 pm IST

शिवसेना नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने राहुल गांधी के साथ हुई धक्का-मुक्की को लोकतंत्र का गैंगरेप बताया और इसकी जांच कराने की मांग की।

जैसे राहुल गांधी का कॉलर पकड़ा, धक्का मारा और गिराया, यह लोकतंत्र का गैंगरेप है: संजय राउत- India TV Hindi
जैसे राहुल गांधी का कॉलर पकड़ा, धक्का मारा और गिराया, यह लोकतंत्र का गैंगरेप है: संजय राउत Image Source : FILE PHOTO

नई दिल्ली: गुरुवार को दिल्ली से हाथरस जाते वक्त कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद काफी हंगामा हुआ। इस पर अब शिवसेना की प्रतिक्रिया आई है। शिवसेना नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने राहुल गांधी के साथ हुई धक्का-मुक्की को लोकतंत्र का गैंगरेप बताया और इसकी जांच कराने की मांग की। दरअसल, राहुल गांधी और कांग्रेस का एक दल हाथरस में गैंगरेप पीड़िता के परिवार से मिलने के लिए जा रहे थे। तभी उन्हें ग्रेटर नोएडा में ही रोक दिया गया था। पुलिस ने उन्हें यहां से आगे जाने नहीं दिया और वापस दिल्ली भेज दिया।

संजय राउत ने कहा, "राहुल गांधी से वहां की पुलिस ने जिस तरह बर्ताव किया उसका समर्थन देश में कोई नहीं कर सकता। राहुल गांधी इंदिरा गांधी के पोते हैं और राजीव गांधी के बेटे हैं ये हमें भूलना नहीं चाहिए, इन लोगों ने देश के लिए शहादत दी है।" राउत ने कहा, "जिस तरह से राहुल गांधी का कॉलर पकड़ा, धक्का मारा, गिराया ये एक तरह से इस देश के लोकतंत्र पर गैंगरेप है, इस गैंगरेप की भी जांच होनी चाहिए।"

वहीं, इससे पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश के हाथरस में सामूहिक बलात्कार की पीड़िता के परिवार से मुलाकात के लिए जाने से राज्य की पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद आरोप लगाया था कि प्रदेश में जंगलराज का यह आलम है कि शोक में डूबे एक परिवार से मिलना भी सरकार को डरा देता है। उन्होंने यह भी कहा था कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इतना नहीं डरना चाहिए।

राहुल गांधी ने ट्वीट किया था, ‘‘मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दुख की घड़ी में अपनों को अकेला नहीं छोड़ा जाता। उप्र में जंगलराज का ये आलम है कि शोक में डूबे एक परिवार से मिलना भी सरकार को डरा देता है। इतना मत डरो, मुख्यमंत्री महोदय!’’ 

प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश में जंगलराज का आरोप लगाते हुए कहा था कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इसकी जिम्मेदारी लेते हुए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिये। उन्होंने कहा था कि ''उत्तर प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार हो रहा है। बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। उत्तर प्रदेश में जंगलराज है।'' 

उन्होंने कहा, ''मुख्यमंत्री को जिम्मेदारी लेनी चाहिये और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिये। उत्तर प्रदेश में बहनों को न्याय नहीं मिलता। यह कोई पहली बार नहीं है। आपको याद होगा कि पिछले साल भी इसी वक्त हम उन्नाव की बेटी की लड़ाई लड़ रहे थे।''

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत