नई दिल्ली: भीषण गर्मी का कहर देशभर में जारी है। जहां एक ओर झुलसाने वाली गर्मी से यूपी के लोग हलकान हैं वहीं तेलंगाना में गर्मी के कारण अब तक 137 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं बिहार में चल रही लू ने भी लोगों का घर से बाहर निकलना मुहाल कर रखा है। ओडिशा में भी गर्मी के कारण लगातार मौत की खबरें सामने आ रही हैं।
तेलंगाना में गर्मी से मरने वालों की संख्या 137 पहुंची
तेलंगाना में गर्मी के कारण कल से अभी तक 15 लोगों की और मौत के बाद राज्य में इस गर्मियों के दौरान मरने वालों की संख्या बढ़कर 137 पहुंच गई है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी ने बताया, इस गर्मियों में मरने वालों की संख्या 137 पहुंच गई है। जबकि अभी तक सबसे ज्यादा मेडक जिले में 34 लोगों की मौत हुई हैं।
अधिकारी ने बताया कि मेडक के अलावा, महबूबनगर में 30 मौत, नलगोंडा में 26, रंगारेड्डी में 10, खम्मम में सात, करीमनगर में 13, आदिलाबाद में नौ और निजामाबाद में आठ मौतें होने की खबर है। मुख्यमंत्री के चन्द्रशेखर राव सूखे की स्थिति की समीक्षा के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारियों के साथ बैठक करने वाले हैं। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार राज्य के ज्यादातर स्थानों में गुरुवार के अधिकतम तापमान में मामूली राहत मिलने के आसार है, जबकि शुक्रवार को भी ऐसे ही आसार रहेंगे।
भारतीय मौसम विभाग, हैदराबाद के निदेशक वाई के रेड्डी ने कहा, गुरुवार को लू चलने की चेतावनी नहीं है। बुधवार से गुरुवार के तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। शुक्रवार को भी गर्मी में कमी आ सकती है। हालांकि हवाओं की चाल बदलने से तापमान में बढ़ोतरी भी आ सकती हैं। उन्होंने बताया कि कल रामागुंदम और निजामाबाद में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रह सकता है ।
झुलसाने वाली गर्मी से लोग हलकान
उत्तर प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में झुलसाने वाली गर्मी पड़ने से लोग हलाकान हैं। आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के ज्यादातर मण्डलों में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। इस दौरान राज्य के गोरखपुर, वाराणसी, फैजाबाद, लखनऊ तथा बरेली मण्डलों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक रिकार्ड किया गया। इसके अलावा इलाहाबाद, मुरादाबाद तथा आगरा मण्डलों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटे के दौरान बांदा राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 44. 8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अगले 24 घंटे के दौरान भी प्रचंड गर्मी का दौर जारी रहने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर बेहद गर्म हवा भी चल सकती है।