1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में प्रीति और प्रिया ने मुक्कों से किया कमाल, बॉक्सिंग में दो और मेडल किए पक्के

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में प्रीति और प्रिया ने मुक्कों से किया कमाल, बॉक्सिंग में दो और मेडल किए पक्के

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jul 28, 2026 11:33 pm IST,  Updated : Jul 28, 2026 11:33 pm IST

ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत की महिला मुक्केबाज प्रीति और प्रिया घंघास ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीत लिए। इस तरह भारत के बॉक्सिंग में 2 और मेडल पक्के हो गए।

Boxing- India TV Hindi
प्रीति और प्रिया Image Source : ANI/PTI

ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाजों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। 28 जुलाई को भारत की स्टार बॉक्सर प्रीति और प्रिया घंघास ने अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। इसके साथ ही दोनों ने भारत के लिए कम से कम ब्रॉन्ज मेडल पक्का कर दिया है। अब दोनों की नजरें फाइनल में पहुंचकर गोल्ड की दौड़ में बने रहने पर होंगी। इससे पहले स्टार बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन भी भारत के लिए एक मेडल पक्का कर चुकी हैं।

प्रीति ने दर्ज की शानदार जीत

वर्ल्ड रैंकिंग में तीसरे स्थान पर काबिज प्रीति ने महिलाओं के 54 किलोग्राम वर्ग के क्वार्टर फाइनल में नॉर्दर्न आयरलैंड की निकोल क्लाइड को पूरी तरह से दबाव में रखा। भारतीय मुक्केबाज ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और शानदार पंचों व बेहतरीन फुटवर्क के दम पर मुकाबले पर अपना नियंत्रण बनाए रखा। प्रीति के सटीक पंच और शानदार डिफेंस के आगे निकोल बेबस नजर आईं। सभी पांच जजों ने मुकाबला प्रीति के पक्ष में 30-25, 30-25, 30-26, 30-26 और 30-27 के स्कोर से दिया। इस दमदार जीत के साथ प्रीति ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर भारत के लिए एक और मेडल सुनिश्चित कर लिया। अब सेमीफाइनल में उनका मुकाबला 31 जुलाई को भारतीय समयानुसार दोपहर 3:15 बजे जाम्बिया की कैथरीन म्वापे से होगा।

प्रिया घंघास ने शानदार वापसी कर पलटा मैच

महिलाओं के 60 किलोग्राम वर्ग में वर्ल्ड नंबर-4 प्रिया घंघास ने स्कॉटलैंड की नियाम मिशेल को रोमांचक मुकाबले में 4-1 के स्प्लिट डिसीजन से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। मुकाबले की शुरुआत प्रिया के लिए अच्छी नहीं रही। पहले राउंड में घरेलू दर्शकों के समर्थन से खेल रहीं मिशेल ने बढ़त बना ली थी। लेकिन दूसरे राउंड में प्रिया ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबले का रुख बदल दिया। इस दौरान दोनों मुक्केबाजों को एक-एक पॉइंट की कटौती भी झेलनी पड़ी।

निर्णायक तीसरे राउंड में प्रिया ने अपना बेहतरीन खेल दिखाया। उनके सटीक और असरदार पंचों ने सभी पांच जजों को प्रभावित किया और भारतीय मुक्केबाज ने मुकाबला अपने नाम कर लिया। जजों ने प्रिया के पक्ष में 28-27, 28-27, 28-27 और 29-26 का फैसला दिया, जबकि एक जज ने मुकाबला मिशेल के पक्ष में 28-27 से दिया। इस जीत के साथ प्रिया ने भी भारत के लिए कम से कम ब्रॉन्ज मेडल सुनिश्चित कर लिया है और अब उनकी नजरें फाइनल में जगह बनाने पर होंगी।

यह भी पढ़ें:

CWG 2026 में राजा मुथुपंडी ने जीता सिल्वर, चौथा दिन रहा भारत के लिए शानदार, मिले कुल तीन मेडल

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में आया एक और मेडल, बिंद्यारानी देवी ने वेटलिफ्टिंग में जीता ब्रॉन्ज

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल