1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. उत्तर भारत में बर्फीली ठंड का प्रकोप जारी, कानपुर में शून्य पर पहुंचा पारा

उत्तर भारत में बर्फीली ठंड का प्रकोप जारी, कानपुर में शून्य पर पहुंचा पारा

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 31, 2019 10:54 pm IST,  Updated : Dec 31, 2019 10:54 pm IST

उत्तर भारत के प्रदेशों में मंगलवार को शीतलहर का प्रकोप जारी रहा। उत्तर प्रदेश के कानपुर में पारा शून्य डिग्री तक पहुंच गया और राजस्थान के सीकर में तापमान एक डिग्री दर्ज किया गया।

cold wave, Uttar Pradesh, temprature, Kanpur- India TV Hindi
Sever cold wave continues in Uttar Pradesh, temp touches zero degrees Celsius in Kanpur Image Source : PTI

नयी दिल्ली: उत्तर भारत के प्रदेशों में मंगलवार को शीतलहर का प्रकोप जारी रहा। उत्तर प्रदेश के कानपुर में पारा शून्य डिग्री तक पहुंच गया और राजस्थान के सीकर में तापमान एक डिग्री दर्ज किया गया। दिल्ली में दिसंबर का सबसे ठंडा दिन दर्ज होने के एक दिन बाद सूरज निकला जिससे शहर के निवासियों को थोड़ी राहत मिली। हालाँकि दिल्ली में तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस रहा। दिल्ली के निवासियों को कड़कड़ाती ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है क्योंकि भारतीय मौसम विभाग ने दिल्ली में चार जनवरी (शनिवार) तक शीतलहर न चलने और तापमान बढ़ने का अनुमान जताया है। दिल्ली में बुधवार को हल्का कोहरा छाया रहेगा और गुरुवार को बहुत हल्की बारिश होने का अंदेशा है।

Related Stories

मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति और किन्नौर जिले में 31 दिसंबर को और कश्मीर घाटी में एक जनवरी से हिमपात होने की पूरी संभावना है। कोहरे के कारण कम से कम 34 ट्रेनों के देर से चलने की खबर आई। उत्तर प्रदेश में कानपुर का तापमान दिन की शुरुआत में शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य की राजधानी लखनऊ में तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि बहराइच में तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हरियाणा में नारनौल सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस रहा। पंजाब के अमृतसर में 3.4 डिग्री और लुधियाना में 4.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। राजस्थान का सीकर राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा जहां का तापमान एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गंगानगर में 2.1 डिग्री सेल्सियस तथा जयपुर और बीकानेर में पारा 2.7 डिग्री सेल्सियस रहा। हिमाचल प्रदेश के कुफरी, मनाली, डलहौजी, सोलन और कल्पा में तापमान शून्य से नीचे रहा। राज्य में दिन में सबसे ठंडा स्थान केलोंग रहा जहां का तापमान शून्य से 8.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। शिमला मौसम केंद्र के अधिकारी मनमोहन सिंह ने बताया कि लाहौल स्पीति और किन्नौर जिले में 31 दिसंबर और एक जनवरी को जबकि शिमला, कुफरी और मनाली में दो और तीन जनवरी को हिमपात होने की पूरी संभावना है।

कश्मीर में न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने से घाटी के निवासियों को शीतलहर से कुछ राहत मिली। हालांकि मौसम विभाग ने बुधवार से क्षेत्र में हिमपात होने का अंदेशा जताया है। घाटी में सोमवार रात तापमान में कुछ वृद्धि देखी गयी जिससे निवासियों को राहत मिली। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पिछली रात श्रीनगर शहर में तापमान शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार नए साल के पहले दिन मध्य प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में बिजली कड़कने के साथ ओले गिरने की संभावना है। मौसम विभाग के भोपाल कार्यालय के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी जी डी मिश्रा ने कहा कि 52 में से 49 जिलों में बिजली कड़कने की संभावना है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत