मुंबई: शीना बोरा हत्याकांड में प्रमुख आरोपी इंद्राणी मुखर्जी बेहोशी की हालत में हैं और वह अगले 3 दिन तक अस्पताल मे रहेंगी। कल उन्हें एक दवा का अधिक सेवन करने के संदेह में अस्पताल लाया गया था।
जे.जे. अस्पताल के डीन टीपी लाहने ने आज कहा, इंद्राणी अद्र्ध बेहोशी की हालत में हैं। उनका उपचार तीन दिन और चलेगा तथा उन्हें निगरानी में रखा जाएगा।
अस्पताल के एक अन्य चिकित्सक ने कहा, आवश्यक रक्त एवं मूत्र परीक्षण किए गए तथा CBI अधिकारियों की एक टीम को भी उनकी स्थिति की जानकारी दी गई।
इंद्राणी को कल दोपहर बाद ऑर्थर रोड जेल से बेहाशी की हालत में जे.जे. अस्पताल लाया गया था। उन्होंने कथित तौर पर मिर्गी रोधी गोलियों का अधिक सेवन कर लिया था।
लाहने ने बताया कि इंद्राणी का पेट साफ किया गया और यह पता लगाने के लिए नमूने फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे जाएंगे कि क्या उन्होंने मादक पदार्थ का सेवन किया।
ऐसा संदेह है कि इंद्राणी मंगलवार को गुवाहाटी में हुई अपनी मां की मौत की खबर सुनकर अवसाद में चली गईं।
.जे. अस्पताल के डॉक्टरों को जेल रिकॉर्ड दिया गया जिसमें पता चला कि इंद्राणी 11 सितंबर से मिर्गी रोधी दवा खा रही थीं।
डॉक्टर ने कहा, इस बात की संभावना है कि उन्होंने गोलियां एकत्र कीं और उन सबको एक बार में खा लिया । उन्हें हमारे पास बेहोशी की हालत में लाया गया। उन्हें सांस संबंधी परेशानी भी हो रही है।
इंद्राणी को अस्पताल के दूसरे तल पर स्थित क्रिटिकल केयर यूनिट में रखा गया है।
मीडिया हस्ती पीटर मुखर्जी की पत्नी इंद्राणी को उनकी पहले की शादी से हुई बेटी शीना की हत्या के आरोप में खार पुलिस ने 25 अगस्त को गिरफ्तार किया था।
शीना को बांद्रा स्थित नेशनल कॉलेज के बाहर से कथित तौर पर अपहृत कर लिया गया था और कार में इंद्राणी, उनके पूर्व दूसरे पति संजीव खन्ना तथा चालक श्यामवर राय ने कथित तौर पर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी थी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं । जांच में सभी पहलुओं की जांच की जाएगी और यह भी पता लगाया जाएगा कि उन्हें गोलियां कहां से मिलीं।