1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित का 81 वर्ष की उम्र में निधन, रविवार को होगा अंतिम संस्कार

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित का 81 वर्ष की उम्र में निधन, रविवार को होगा अंतिम संस्कार

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Updated : Jul 20, 2019 11:17 pm IST

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस की दिग्गज नेता शीला दीक्षित का निधन हो गया है। शीला दीक्षित 81 साल की थीं।

दिल्ली की पूर्व...- India TV Hindi
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित का निधन Image Source : INDIA TV

नई दिल्ली। दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस की दिग्गज नेता शीला दीक्षित का निधन हो गया है। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि उन्हें शुक्रवार सुबह सीने में जकड़न की शिकायत के बाद एस्कार्ट्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शीला दीक्षित 81 साल की थीं। वो 1998 से लेकर 2013 तक दिल्ली की मुख्यमंत्री रहीं। शीला दीक्षित की तबियत कुछ वक्त से ठीक नहीं थी। उन्होंने दिल्ली के फोर्टिस-एस्कॉर्ट्स अस्पताल में दोपहर 3 बजकर 55 मिनट पर अंतिम सांस ली। रविवार को राजधानी के निगमबोध घाट पर दोपहर 2.30 बजे उनका अंतिम संस्कार होगा। मौजूदा वक्त में उनके पास कांग्रेस के दिल्ली अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी थी। हाल ही में संपन्न हुए लोकसभा चुनावों में वो उत्तर पूर्वी दिल्ली से चुनाव भी लड़ीं थी, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली।

 

Sheila Dikshit Passes Away Live Updates

Auto Refresh
Refresh
  • 8:55 PM (IST)

    पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने कहा - राजनीति में प्रवेश करने से पहले ही मैं उन्हें (शीला दीक्षित) जानता था, यह राष्ट्र के लिए एक बड़ी क्षति है। लोगों ने एक योग्य प्रशासक और एक अच्छा नेता खो दिया है।

  • 8:31 PM (IST)

    पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने दी शीला दीक्षित को अंतिम श्रद्धांजलि। मनमोहन सिंह ने कहा - यह देश और कांग्रेस पार्टी के लिए बड़ी क्षति है। दिल्ली ने एक उत्कृष्ट नेता और प्रशासक खो दिया है जिसने राज्य को मान्यता से परे बदल दिया है। देश दिल्ली के परिवर्तन की दिशा में उनके योगदान को लंबे समय तक याद रखेगा।

  • 8:29 PM (IST)

    अभिनेत्री शर्मिला टैगोर दिल्ली ने भी दी दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को श्रद्धांजलि।

  • 8:28 PM (IST)

    पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने दी दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को अंतिम श्रद्धांजलि।

  • 8:26 PM (IST)

    केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दी शीला दीक्षित को श्रद्धांजलि। बोले - शीला जी को हमारे राष्ट्र के सबसे अनुभवी राजनेताओं में गिना जाता था। उनका राजनीतिक जीवन बेदाग था, मैं उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

  • 8:18 PM (IST)

    दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित ने कहा- मेरी मां का निधन हो गया, यह स्वाभाविक है कि मैं उन्हें याद करूंगा। माँ को खोने का दर्द मिटाया नहीं जा सकता। जब भी लोग एक विकसित और बढ़ती दिल्ली की बात करेंगे, शीला जी का नाम याद किया जाएगा।

  • 8:08 PM (IST)

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने शीला दीक्षित को दी श्रद्धांजलि। अरविंद केजरीवाल ने कहा - लोग शीला दीक्षित जी को बहुत याद करेंगे, उन्होंने दिल्ली के लिए बहुत काम किया था। भले ही हम अलग-अलग पार्टियों से थे, जब भी मैं उनसे मिला, उन्होंने बहुत प्यार दिखाया। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति और उनके परिवार को इस नुकसान से निपटने के लिए शक्ति प्रदान करें। मनीष सिसोदिया बोले शीला दीक्षित का राजकीय अंतिम संस्कार किया जाएगा। 

     

  • 8:07 PM (IST)

    दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने दी दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को श्रद्धांजलि। दिल का दौरा पड़ने की वजह से हुआ शीला दीक्षित का निधन।

  • 8:03 PM (IST)

  • 7:19 PM (IST)

    पीएम नरेंद्र मोदी ने दी दिल्ली की पूर्व सीएम शीला दीक्षित को श्रद्धांजलि। इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर शीला दीक्षित के निधन पर दुख जताया था।

    modi sheila
    Image Source : INDIA TVपीएम नरेंद्र मोदी ने दी शीला दीक्षित को श्रद्धांजलि

     

  • 7:15 PM (IST)

    लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने दी शीला दीक्षित को श्रद्धांजलि।

    ओम बिरला
    Image Source : INDIA TVलोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने शीला दीक्षित को दी श्रद्धांजलि।

  • 6:56 PM (IST)

    कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को श्रद्धांजलि दी।

  • 6:44 PM (IST)

    कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी दिल्ली की शीला दीक्षित के अंतिम दर्शन के लिए उनके घर पहुंचीं।

    sonia gandhi
    Image Source : INDIA TVसोनिया गांधी ने दी शीला दीक्षित को श्रद्धांजलि

    शीला दीक्षित को श्रद्धांजलि देने के बाद सोनिया गांधी  ने उनके परिजनों से मुलाकात की।

  • 6:30 PM (IST)

    डॉ. ए.के. वालिया, नटवर सिंह, राजीव त्यागी, शरद यादव, शिवराज सिंह पाटिल, अहमद पटेल सहित कई नेता शीला दीक्षित के अंतिम दर्शन करने उनके आवास पर पहुंचे।

  • 6:22 PM (IST)

    भाजपा नेता विजय गोयल ने दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को श्रद्धांजलि दी

  • 6:04 PM (IST)

    दिल्ली की पूर्व सीएम शीला दीक्षित का अंतिम संस्कार कल निगंबोध घाट पर होगा। उसके नश्वर अवशेषों को लोगों के लिए कल 21 जुलाई को सुबह 11.30 बजे तक निजामुद्दीन स्थित उनके आवास पर श्रद्धांजलि देने के लिए रखा जाएगा।

  • 6:02 PM (IST)

    शीला दीक्षित का पार्थिव शरीर शाम छह बजे से निजामुद्दीन स्थित उनके घर पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। (भाषा)

    sheila dixit
    Image Source : PTI (FILE)दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित

     

  • 5:59 PM (IST)

    दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा - दिल्ली सरकार ने दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के निधन पर 2 दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है।

  • 5:58 PM (IST)

    शीला दीक्षित के निधन पर मनोज तिवारी ने जताया दुख। मनोज तिवारी ने कहा – मैं हाल ही में उनसे मिला था। यह एक बड़ा सदमा है। मुझे याद है कि कैसे उसने एक माँ की तरह मेरा स्वागत किया था। दिल्ली उन्हें मिस करेगी।

  • 5:56 PM (IST)

    शीला दीक्षित का पार्थिव शरीर उनके निजामुद्दीन स्थित आवास पर लाया गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत