1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. शोपियां: मुठभेड़ के दौरान एक आतंकवादी ने किया आत्मसमर्पण

शोपियां: मुठभेड़ के दौरान एक आतंकवादी ने किया आत्मसमर्पण

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Sep 10, 2017 09:17 am IST,  Updated : Sep 10, 2017 09:17 am IST

शोपियां जिले में सुरक्षा बलों के साथ कल शाम शुरू हुई मुठभेड़ के दौरान एक आतंकवादी ने आज आत्मसमर्पण कर दिया।

shopian terrorist surrendered during the encounter- India TV Hindi
shopian terrorist surrendered during the encounter

श्रीनगर: दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षा बलों के साथ कल शाम शुरू हुई मुठभेड़ के दौरान एक आतंकवादी ने आज आत्मसमर्पण कर दिया। हाल के महीनों में यह पहली घटना है जब किसी आतंकवादी ने मुठभेड़ के दौरान अपने हथियार डाले हैं। पुलिस ने यहां बताया कि आतंकवादी की पहचान आदिल के रूप में की गई है, वह इस साल मई में आतंकवादी गतिविधियों में शामिल हुआ था। उसने चारों ओर से घेर लिए जाने के बाद आत्मसमर्पण कर दिया। (अनंतनाग: राजनाथ सिंह की बैठक से पहले पुलिस टीम पर आतंकी हमला)

जम्मू कश्मीर के पुलिस अधिकारियों ने उसे भरोसा दिलाया कि उसे मारा नहीं जाएगा जिसके बाद वह एक मकान के मलबे से बाहर आया और पुलिस अधिकारियों के समक्ष अपनी एके 47 राइफल रख दी। उन्होंने बताया कि आदिल शोपियां के चिटीपोरा का रहने वाला है। उसे पूछताछ के लिए तुरंत वहां से दूर ले जाया गया। मुठभेड़ स्थल से एक और आतंकवादी का शव बरामद हुआ है जिसकी पहचान तारिक अहमद डार के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि डार कई आतंकवादी गतिविधियों में शामिल था। जम्मू कश्मीर के पुलिस महानिदेशक एस पी वैद्य ने पहले कहा था कि जिन लोगों ने हथियार उठाए हैं, वह आत्मसमर्पण कर सकते हैं और सरकार उनके मामलों पर विचार करेगी। सुरक्षा बलों ने शोपियां में इमाम साहिब इलाके के बारबग में कल शाम घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया था। उन्हें वहां आतंकवादियों के मौजूद होने की सूचना मिली थी। इसी बीच आतंकवादियों ने तलाशी दल पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिस वजह से मुठभेड़ शुरू हुई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत