1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. सोनिया और राहुल एकमात्र आशा की किरण, छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल का बयान

सोनिया और राहुल एकमात्र आशा की किरण, छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल का बयान

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 23, 2020 06:11 pm IST,  Updated : Aug 23, 2020 06:11 pm IST

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पत्र में लिखा, 'हर चुनौती में हमारे लिए उम्मीद की किरण सोनिया जी और राहुल जी हैं। हम सभी आपके साथ हैं।'

Bhupesh Baghel, Chhattisgarh Chief Minister- India TV Hindi
Bhupesh Baghel, Chhattisgarh Chief Minister Image Source : FILE PHOTO

नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी में अध्यक्ष पद को लेकर सोमवार (24 अगस्त) को कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की अहम बैठक होने वाली है। उससे पहले पार्टियों के नेताओं के बयान लगातार आ रहे हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार (23 अगस्त) को राहुल गांधी को पत्र लिखा है। बघेल ने मौजूदा समस्याओं पर बात करते हुए राहुल से कहा, 'आपसे विनम्र अनुरोध है कि असहमति के स्वरों के बीच अविचलित रहते हुए देश को नई दिशा दिखाएं तथा कांग्रेस का नेतृत्व पुनः संभालें।

कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक से एक दिन पहले छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार को राहुल गांधी को पत्र लिखकर आग्रह किया कि वह एक एक बार फिर से पार्टी की कमान संभालें। उन्होंने पत्र में कहा, 'गांधी-नेहरू परिवार का भारत को गरीब राष्ट्र की श्रेणी से निकालकर आधुनिक राष्ट्र बनाने में बहुत बड़ा योगदान रहा है। इस परिवार ने देश के लिए जो कुर्बानियां दी हैं वो अविस्मरणीय हैं।' बघेल ने कहा, '135 साल के इतिहास में कांग्रेस ने अनेक संकटों का सामना किया, लेकिन पार्टी के कार्यकर्ताओं की गांधी-नेहरू परिवार में आस्था हमेशा अडिग रही। देश की जनता ने लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप ही इस परिवार के प्रति अपना समर्थन जताया है।' 

Bhupesh Baghel appeals to rahul gandhi to take over as congress party president
Image Source : TWITTERBhupesh Baghel appeals to rahul gandhi to take over as congress party president

उन्होंने पत्र में लिखा, 'हर चुनौती में हमारे लिए उम्मीद की किरण सोनिया जी और राहुल जी हैं। हम सभी आपके साथ हैं। छत्तीसगढ़ और देश के करोड़ों कार्यकर्ता और देशवासी आपके साथ हैं। देश जिस संकटपूर्ण दौर से गुज़र रहा है उससे आपके नेतृत्व में ही छुटकारा मिलेगा।' मुख्यमंत्री ने कहा, 'आपसे अनुरोध है कि असहमति के स्वरों के बीच अविचलित रहते हुए देश को नयी दिशा दिखाएं और कांग्रेस का नेतृत्व पुन: संभालें। हमें आशा है कि आपके नेतृत्व में कांग्रेस नयी ऊंचाइयां हासिल करेगी और देश के सामने खड़े संकटों पर विजय हासिल की जा सकेगी।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत