1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भारत में बनेगी रूस की Sputnik-V कोरोना वैक्सीन, हर साल 10 करोड़ डोज होंगी तैयार

भारत में बनेगी रूस की Sputnik-V कोरोना वैक्सीन, हर साल 10 करोड़ डोज होंगी तैयार

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : May 24, 2021 06:05 pm IST,  Updated : Jun 01, 2021 07:07 pm IST

रूस के निवेश कोष रसियन डारेक्ट इन्वेस्टमेंट फंड (RDIF) और भारत की दवा कंपनी पैनेसिया बायोटेक ने सोमवार को भारत में Sputnik-V कोरोना वायरस टीके का उत्पादन शुरू करने की घोषणा की।

भारत में बनेगी रूस की Sputnik-V कोरोना वैक्सीन, हर साल 10 करोड़ डोज होंगी तैयार- India TV Hindi
भारत में बनेगी रूस की Sputnik-V कोरोना वैक्सीन, हर साल 10 करोड़ डोज होंगी तैयार Image Source : AP

नई दिल्ली: रूस के निवेश कोष रसियन डारेक्ट इन्वेस्टमेंट फंड (RDIF) और भारत की दवा कंपनी पैनेसिया बायोटेक ने सोमवार को भारत में Sputnik-V कोरोना वायरस टीके का उत्पादन शुरू करने की घोषणा की। पैनेसिया बायोटेक के हिमाचल प्रदेश के बद्दी कारखाने में तैयार की गई कोविड19 के Sputnik-V टीके की पहली खेप को रूस के गामालेया केन्द्र भेजा जाएगा, जहां इसकी गुणवत्ता की जांच परख होगी। 

RDIF और पैनेसिया बायोटेक ने एक संयुक्त बयान जारी कर कहा कि पूर्ण स्तर पर उत्पादन इन गर्मियों में ही शुरू होने की उम्मीद है। बयान में कहा गया है कि अप्रैल में RDIF और पैनेसिया ने Sputnik-V टीके की सालाना 10 करोड़ खुराक का उत्पादन करने पर सहमति जताई थी। RDIF के मुख्य कार्यकारी किरिल्ल डमित्रिव ने कहा, ‘‘पैनेशिया बायोटेक के साथ मिलकर भारत में उत्पादन की शुरुआत देश को महामारी से लड़ने में मदद की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।’’ 

उन्होंने कहा कि Sputnik-V टीके का उत्पादन शुरू होने से भारत में कोरोना वायरस महामारी के संकटपूर्ण दौर से निकालने के सरकार के प्रयासों को समर्थन मिलेगा। बाद में टीके का दूसरे देशों को निर्यात भी किया जा सकेगा ताकि दुनिया के अन्य देशों में भी महामारी के प्रसार को रोका जा सके। 

टीके के उत्पादन की शुरुआत पर पैनेशिया बायोटेक के प्रबंध निदेशक राजेश जैन ने कहा, ‘‘Sputnik-V का उत्पादन शुरू होना एक महत्वपूर्ण कदम है। RDIF के साथ मिलकर हम उम्मीद करते हैं देश के लोग फिर से सामान्य स्थिति महसूस कर सकें साथ ही दुनिया के देशों में भी स्थिति सामान्य करने में मदद मिलेगी।’’ 

Sputnik-V को भारत में 12 अप्रैल 2021 को आपातकालीन इस्तेमाल की अनुमति के साथ पंजीकृत किया गया है। इसके साथ ही कोरोना वायरस की रोकथाम के लिये 14 मई से टीकाकरण अभियान में इसका इस्तेमाल भी शुरू कर दिया गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।