1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus: देश में 4 लाख से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से हो चुके हैं ठीक, लेकिन 24 घंटे में रिकॉर्ड 24850 नए केस

Coronavirus: देश में 4 लाख से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से हो चुके हैं ठीक, लेकिन 24 घंटे में रिकॉर्ड 24850 नए केस

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 05, 2020 10:08 am IST,  Updated : Jul 05, 2020 10:08 am IST

कोरोना वायरस की वजह से देश में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। पिछले 24 घंटे के दौरान ही देश में कोरोना वायरस की वजह से 613 लोगों की जान गई है और इस वायरस की वजह से देशभर में अबतक कुल 19268 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं

Coronavirus Cases in India rising continuously- India TV Hindi
Coronavirus Cases in India rising continuously Image Source : PTI

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस का संक्रमण तो तेजी से फैल रहा है लेकिन अच्छी बात ये है कि कोरोना वायरस से ठीक होने वाले लोगों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। देशभर में अबतक 4 लाख से ज्यादा लोग कोरोना वायरस को हराकर पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटे यानि शनिवार सुबह 8 बजे से रविवार सुबह 8 बजे के दौरान देशभर में 14856 लोग कोरोना वायरस से ठीक हुए हैं और अबतक पूरे देश में कुल 409082 लोग ठीक हो चुके हैं।

पूरे देश में अभी तक कोरोना वायरस के 673165 मामले सामने आ चुके हैं, पिछले 24 घंटे के दौरान ही देश में रिकॉर्ड 24850 नए केस आए हैं। लेकिन देशभर के कुल 673165 कोरोना वायरस मामलों में 409082 लोग ठीक हो चुके हैं यानि देश में कोरोना वायरस का रिकवरी रेट 61 प्रतिशत के करीब पहुंच गया है।

हालांकि कोरोना वायरस की वजह से देश में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। पिछले 24 घंटे के दौरान ही देश में कोरोना वायरस की वजह से 613 लोगों की जान गई है और इस वायरस की वजह से देशभर में अबतक कुल 19268 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। कोरोना वायरस की वजह से देश में सबसे ज्यादा मौतें महाराष्ट्र, दिल्ली और गुजरात में हुई हैं। महाराष्ट्र में यह वायरस 8671 लोगों की मौत का कारण बन चुका है जबकि दिल्ली में इसकी वजह से 3004 और गुजरात में 1925 लोगों की जान गई है।

कोरोना वायरस के मरीजों की पहचान के लिए देश में लगातार टेस्टिंग हो रही है। शुक्रवार को ही देशभर में कुल 2.48 लाख से ज्यादा टेस्ट किए गए हैं। देश में कुल कोरोना वायरस टेस्टिंग का आंकड़ा बढ़कर 97.89 लाख के पार पहुंच गया है। दुनियाभर में अमेरिका, रूस और ब्रिटेन के बाद कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा टेस्ट भारत में ही हो रहे हैं।

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 1.13 करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से 5.33 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 64.40 लाख से ज्यादा कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 29.35 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 1.32 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है, इसके बाद ब्राजील में 15.78 लाख से ज्यादा केस सामने आए हैं और 64 हजार से ज्यादा की जान गई है। रूस में भी 6.74 लाख केस सामने आ चुके हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत