1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus Cases in India: 24 घंटे में 11929 नए कोरोनावायरस मामले आए लेकिन रिकवरी रेट भी 50% के ऊपर

Coronavirus Cases in India: 24 घंटे में 11929 नए कोरोनावायरस मामले आए लेकिन रिकवरी रेट भी 50% के ऊपर

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 14, 2020 09:30 am IST,  Updated : Jun 14, 2020 10:14 am IST

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान देश में कोरोना वायरस को हराकर 8049 लोग ठीक हुए हैं और इस वायरस से ठीक होने वालों की संख्या बढ़कर 162378 हो गई है

State wise coronavirus cases deaths and cured cases in...- India TV Hindi
State wise coronavirus cases deaths and cured cases in India  Image Source : PTI

नई दिल्ली। कोरोना वायरस के मामलों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी देखी जा रही है। बीते 24 घंटे के दौरान देश में 11929 नए कोरोना वायरस मामले सामने आए हैं जो एक दिन में आए सबसे अधिक केस है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक नए मामलों के साथ अब देश में कुल कोरोना वायरस मामलों की संख्या बढ़कर 320922 तक पहुंच गई है। दुनियाभर में भारत कोरोना वायरस से चौथा सबसे ज्यादा संक्रमित देश बन चुका है। अमेरिका, ब्राजील और रूस के बाद भारत में ही सबस ज्यादा कोरोना वायरस मामले हैं।

लेकिन कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के साथ देश में कोरोना वायरस से ठीक होने वालों की संख्या भी तेजी से बढ़ने लगी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान देश में कोरोना वायरस को हराकर 8049 लोग ठीक हुए हैं और इस वायरस से ठीक होने वालों की संख्या बढ़कर 162378 हो गई है। देश में अब कोरोना वायरस का रिकवरी रेट बढ़कर 50.59 प्रतिशत हो गया है।

कोरोना वायरस के मामलों में बढ़ोतरी के साथ अब देश में इस वायरस की वजह से जान गंवाने वालों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है, स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान देश में कोरोना वायरस की वजह से 311 लोगों की जान गई है और इस वायरस की वजह से जान गंवाने वालों का देश में कुल आंकड़ा बढ़कर 9195 तक पहुंच गया है।

हालांकि कोरोना वायरस के संक्रमण के मामले पूरे देश में एक जैसे नहीं हैं बल्कि कुछ राज्यों में संक्रमण बहुत ज्यादा है जिस वजह से देशभर में कुल कोरोना वायरस संक्रमितों का आंकड़ा 3 लाख के पार हो गया है, देश के कुल मामलों का लगभग एक तिहाई अकेले महाराष्ट्र में ही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक महाराष्ट्र में अबतक 104568 कोरोना वायरस मामले सामने आ चुके हैं। महाराष्ट्र के अलावा तमिलनाडू में 42687 मामले सामने आए हैं और दिल्ली में 38958 केस हैं।

State wise coronavirus cases deaths and cured cases in India including Maharashtra Delhi Gujarat and Tamilnadu till June 14th
Image Source : INDIA TVState wise coronavirus cases deaths and cured cases in India including Maharashtra Delhi Gujarat and Tamilnadu till June 14th

दुनियाभर में कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो पूरी दुनिया में 78.40 लाख से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं और 4.32 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। हालांकि दुनियाभर में कोरोना वायरस को हराकर 40 लाख से ज्यादा लोग पूरी तरह से ठीक भी हो चुके हैं, यानि दुनियाभर में भी रिकवरी रेट 50 प्रतिशत के ऊपर है। पूरी दुनिया में कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा मामले अमेरिका में हैं जहां पर 21.42 लाख से ज्यादा मामले सामने आए हैं और 1.17 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बाद ब्राजील में 8.50 लाख से ज्यादा, रूस में 5.20 लाख से ज्यादा, स्पेन में 2.90 लाख और ब्रिटेन में 2.94 लाख केस सामने आ चुके हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत