1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. महाराष्ट्र: गढ़चिरौली नक्सल हमले की पीएम मोदी ने की निंदा, शहीद हुए हैं 16 सुरक्षाकर्मी

महाराष्ट्र: गढ़चिरौली नक्सल हमले की पीएम मोदी ने की निंदा, शहीद हुए हैं 16 सुरक्षाकर्मी

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : May 01, 2019 03:48 pm IST,  Updated : May 01, 2019 03:48 pm IST

महाराष्ट्र के नक्सल प्रभावित गढ़चिरौली में नक्सलियों द्वारा माइन ब्लास्ट करके पुलिस के वाहन को निशाना बनाने की वारदात की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी घोर निंदा की और शहीदों के परिजनों के साथ होने की बात कही।

Pm Modi- India TV Hindi
Pm Modi

नई दिल्ली: महाराष्ट्र के नक्सल प्रभावित गढ़चिरौली में नक्सलियों द्वारा माइन ब्लास्ट करके पुलिस के वाहन को निशाना बनाने की वारदात की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी घोर निंदा की और शहीदों के परिजनों के साथ होने की बात कही। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि वह नक्सलियों द्वारा इस घृणित हमले की निंदा करते हैं और ऐसी हिंसा करने वाले अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा कि ‘महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में हमारे सुरक्षाकर्मियों पर हुए घृणित हमले की कड़ी निंदा करते हूं। मैं सभी बहादुर कर्मियों को सलाम करता हूं। उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। ऐसी हिंसा करने वाले अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।

बता दें कि गढ़चिरौली में नक्सलियों द्वारा अंजाम दिए गए इस विस्फोट में 16 जवान शहीद हो गए। पुलिस की टीम प्राइवेट गाड़ी से पट्रोलिंग पर जा रही थी। बताया जा रहा है कि विस्फोट की जगह पर पुलिस और नक्सलियों के बीच एनकाउंटर भी हुआ। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नक्सलियों ने QRT की टीम को निशाना बनाया है। इस गाड़ी में कुल 16 जवान सवार थे और हमले में सभी की जान चली गई।

इससे पहले बुधवार को ही गढ़चिरौली के उपजिला कुरखेड़ा में बुधवार को नक्सलियों ने निजी ठेकेदारों के कम से कम तीन दर्जन वाहनों में आग लगा दी। यह घटना सुबह उस वक्त घटी जब राज्य का स्थापना दिवस 'महाराष्ट्र दिवस' मनाने की तैयारी की जा रही थी। इधर नक्सली पिछले साल 22 अप्रैल के दिन सुरक्षा बलों द्वारा मारे गए अपने 40 साथियों की मौत की पहली बरसी मनाने के लिए एक सप्ताह से चल रहे विरोध प्रदर्शन के अंतिम चरण में थे।

जिन वाहनों को नक्सलियों ने अपना निशाना बनाया, उनमें से ज्यादातर अमर इंफास्ट्रक्चर लिमिटेड के थे, जो दादापुर गांव के पास NH 136 के पुरादा-येरकाड सेक्टर के लिए निर्माण कार्यो में लगे थे। घटनास्थल से भागने से पहले नक्सलियों ने पिछले साल अपने साथियों की हत्या की निंदा करते हुए पोस्टर और बैनर भी लगाए। नक्सलियों ने जाने से पहले दो जेसीबी, 11 टिप्पर, डीजल और पेट्रोल टैंकर्स, रोलर्स, जेनरेटर वैन और दो स्थानीय कार्यालयों को भी आग के हवाले कर दिया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत