गोंडा: जिले में एक अवसादग्रस्त छात्रा द्वारा आत्मदाह करने के मामले में उसके स्कूल के तीन शिक्षकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इस घटना को लेकर उपजे जनाक्रोश के कारण शहर के सभी स्कूल दो दिन के लिये बंद कर दिये गये हैं। पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर अखण्ड प्रताप सिंह ने आज यहां बताया कि कोतवाली नगर की एक कालोनी में रहने वाली 15 वर्षीय एक छात्रा ने गत शुक्रवार को अपने घर में कथित तौर पर खुद को आग लगा ली थी। बताया जाता है कि एक निजी इण्टर कालेज की यह छात्रा अवसादग्रस्त थी और वारदात वाले दिन स्कूल में तबीयत खराब होने पर उसके पिता उसे घर लाने के बाद अपनी शिक्षिका पत्नी को लेने के लिये निकले थे।
उन्होंने बताया कि इसी बीच, छात्रा ने खुद पर मिट्टी का तेल उड़ेलकर आग लगा ली। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे पड़ोसियों ने उसे बचाने का प्रयास किया और अस्पताल पहुंचाया जहां उपचार के दौरान कल रात उसकी मौत हो गयी। सिंह ने बताया कि बाद में छात्रा के बैग से एक पत्र मिला जिसमें उसने कालेज के शिक्षकों दीपक कुमार, आफताब अहमद तथा रश्मि कपूर को इस घटना का जिम्मेदार बताया था। उन्होंने बताया कि लड़की के पिता की तहरीर पर कल रात तीनों आरोपी शिक्षकों के खिलाफ पीडि़त को आत्महत्या के लिये मजबूर करने का मुकदमा दर्ज कराया गया। प्राथमिकी में यह भी आरोप लगाया गया है कि शिक्षक दीपक कुमार ने कुछ दिन पहले छात्रा से छेड़छाड़ की थी। इसकी शिकायत प्रधानाचार्य विंसेंट पिंटो से की गयी थी लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। बहरहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इसे भी पढ़ें: पत्नी से बहस के बाद छोटी बेटी की हत्या की, बड़ी बेटी और खुद को जख्मी किया