नई दिल्ली: भाजपा नेता सुब्रह्मण्यन स्वामी ज़यादातर राजनीति में विवादों व चर्चाओं में रहते हैं पर इस बार वे जिस वजह से चर्चा में उसे सुनकर आप चौंक जाएंगे। माजरा यह है कि एक विवाह समारोह में शिरकत करने पहुंचे स्वामी गलती से दोबारा शादी करने जा रहे थे। अपनी ही पार्टी की एक नेता ने सूझबूझ से उन्हें यह चूक करने से रोक दिया।
तमिलनाडु में एक शादी समारोह में उन्हें आमंत्रित किया गया था। तमिल विवाह रीति में वरिष्ठ व्यक्ति ही दूल्हे के हाथ में मंगलसूत्र सौंपता है, अगर दूल्हा किसी पार्टी से जुड़ा होता है तो मंगलसूत्र थमाने के लिए पार्टी के किसी नेता को बुलाया जाता है। समारोह में नियमानुसार उन्हें जोड़े को आशीर्वाद देने व दूल्हे को मंगलसूत्र सौंपने के लिए कहा गया।
स्वामी मंगलसूत्र दूल्हे को देने के बजाए खुद ही दुल्हन को पहनाने के लिए पहुंच गए। वे दुल्हन को मंगलसूत्र पहनाने ही वाले थे कि पास खड़ी उनकी पार्टी की ही वीएस चंद्रलेखा ने उनका हाथ खींच लिया। एक पल के लिए तो सभी भौंचक्के रह गए। यहां तक कि दूल्हा-दुल्हन भी हैरान हो गए।
इसके बाद उन्हें अपनी गलती का अहसास हुआ और उन्होंने मंगलसूत्र दूल्हे के हाथ में थमाया और मंगलसूत्र बांधने की रस्म पूरी हुई।