1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. टिटलागढ़ में पारा 48 पार, बिहार में भीषण गर्मी और लू का कहर

टिटलागढ़ में पारा 48 पार, बिहार में भीषण गर्मी और लू का कहर

 Written By: India TV News Desk
 Published : Apr 25, 2016 09:15 pm IST,  Updated : Apr 25, 2016 09:15 pm IST

देश के प्रमुख हिस्सों में सोमवार को पारे का चढ़ना जारी रहने के साथ ओडिशा का टिटलागढ़ सबसे गर्म इलाका रहा जहां का तापमान 48.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

summer- India TV Hindi
summer

दिल्ली: देश के प्रमुख हिस्सों में सोमवार को पारे का चढ़ना जारी रहने के साथ ओडिशा का टिटलागढ़ सबसे गर्म इलाका रहा जहां का तापमान 48.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि असम के चार जिलों में बाढ़ आने से करीब 45,000 लोग प्रभावित हुए है। टिटलागढ़ में पिछले कई दिनों से तेज लू चल रही है और आज इस कस्बे में अप्रैल महीने के लिए पिछले 17 साल में उच्चतम तापमान दर्ज किया गया।

भुवनेश्वर में मौसम विभाग के निदेशक शरद साहू ने कहा, वर्ष 2003 में पांच जून को टिटलागढ़ में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस का स्तर पार कर गया था। अप्रैल के महीने में 1999 के बाद से यह उच्चतम स्तर है। अप्रैल, 1999 में तापमान 48.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। ओडिशा सरकार ने लू के चलते चार लोगों के मरने की पुष्टि की है। हालांकि, राज्य में भीषण गर्मी के चलते मरने वाले लोगों की अस्थायी संख्या 79 से बढ़कर 88 हो गई है।

बिहार में भी तेज लू चल रही है। हालांकि राजधानी पटना सहित कई जगहों पर पारा मामूली रूप से गिरा है। राज्य में सोमवार को लगातार दूसरे दिन पटना सबसे गर्म स्थान रहा जहां का अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो रविवार को 43.3 डिग्री सेल्सियस था। वहीं गया में दिन का अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बिहार में भीषण गर्मी और लू की तपिश का कहर ढ़ा

बिहार में भीषण गर्मी और लू की तपिश का कहर बढ़ने के साथ ही इसका विस्तार पूर्वी क्षेत्र में भी हो रहा है। पटना स्थित भारत मौसम विभाग के निदेशक ए के सेन ने सोमवार को बताया कि बिहार में लू की तपिश में बढ़ोतरी के साथ रविवार से पूर्वी क्षेत्र भी भीषण गर्मी की चपेट में आता जा रहा है। बिहार की राजधानी पटना सहित प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों गया, भागलपुर एवं पूर्णिया में सोमवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। हालांकि अगले तीन दिनों के दौरान लू की तपिश से राहत नहीं मिलने वाली है पर तापमान में आंशिक कमी आ सकती है।

दिल्ली का अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस रहा
देश के अन्य हिस्सों के मुकाबले राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को कम गर्मी रही और यहां का तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जोकि सामान्य से एक डिग्री कम है। मौसम विभाग के मुताबिक, न्यूनतम तापमान 19.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जोकि सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। हवा में नमी का स्तर कम रहा और यह 56 एवं 13 प्रतिशत के बीच रहा। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और धूल भरी हवाएं चलने का अनुमान जताया है। विभाग के मुताबिक मंगलवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और दोपहर एवं शाम को धूल भरी हवाएं चलने की संभावना है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान 38 और 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। रविवार को अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत