1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. LIVE: भोपाल में किसानों का उग्र प्रदर्शन, नर्मदापुरम में पुलिस से हुई झड़प, बैरिकेड्स तोड़े; मंत्रालय में बुलाई गई बैठक
  Live Now

LIVE: भोपाल में किसानों का उग्र प्रदर्शन, नर्मदापुरम में पुलिस से हुई झड़प, बैरिकेड्स तोड़े; मंत्रालय में बुलाई गई बैठक

 Reported By: Anurag Amitabh Written By: Rituraj Tripathi
 Updated : Jul 29, 2026 05:38 pm IST

भोपाल में अपनी मांगों को मनवाने के लिए किसान सड़कों पर उतर आए हैं। हालात को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है क्योंकि किसान सीएम हाउस का घेराव करना चाहते हैं।

bhopal- India TV Hindi
भोपाल में प्रदर्शन Image Source : PTI/FILE

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बड़ी संख्या में किसान सड़कों पर उतर आए हैं। किसानों की मांग है कि मूंग दाल की पूरी फसल सरकार MSP पर खरीदे। इसके अलावा किसान ये भी मांग कर रहे हैं कि खाद के वितरण के लिए टोकन सिस्टम खत्म किया जाए। अपनी मांगों को लेकर किसानों की सीएम आवास घेरने की तैयारी है। पुलिस और प्रशासन ने किसानों को रोकने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। भोपाल में किसान आंदोलन के चलते कल होशंगाबाद रोड स्थित इलाकों में जाम की स्थिति बनी थी इसलिए आज इस इलाके के तमाम स्कूलों ने छुट्टी घोषित कर दी है।

 

 

 

Live updates :Bhopal Farmers_H

Auto Refresh
Refresh
  • 5:38 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    भोपाल मंत्रालय में बुलाई गई बैठक, कृषि मंत्री मौजूद

    किसान आंदोलन को लेकर भोपाल मंत्रालय में बैठक बुलाई गई है। बैठक में कृषि मंत्री और सहकारिता मंत्री मौजूद हैं। उधर 100 प्रतिशत मूंग खरीदी की मांग लेकर किसानों का प्रदर्शन तेज हो गया है। 

  • 4:19 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    किसानों का प्रदर्शन हुआ तेज, बस पर चढ़कर कर रहे हंगामा

    भोपाल में किसान जमकर हंगामा कर रहे हैं। पुलिस ने किसानों को रोकने के लिए बसें खड़ी कीं, लेकिन उन पर भी किसान चढ़ गए हैं और पुलिस के पीने की बोतलों के क्रेट को फेंक रहे हैं। कई किसान अर्द्धनग्न होकर नारेबाजी कर रहे हैं।

  • 4:15 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    'मांगें नहीं मानी तो फिर करेंगे हंगामा'

    आंदोलनकारी किसानों ने कहा कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गई तो फिर हंगामा करेंगे। वीर सावरकर सेतु पर किसानों ने ट्रैक्टर ट्रॉलियों को अपना घर बना लिया है और आराम करने के बाद बारी-बारी विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

  • 2:03 PM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    नर्मदापुरम में पुलिस से हुई झड़प

    भोपाल में किसानों का उग्र प्रदर्शन जारी है। नर्मदापुरम में पुलिस और किसानों के बीच झड़प हुई है। नाराज किसानों ने बैरिकेड्स तोड़ दिए हैं और बसों पर चढ़ गए हैं। किसानों के बीच सरकार के खिलाफ गुस्सा दिखाई दे रहा है। किसान अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर डटे हुए हैं। 

  • 1:36 PM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    किसान हुए उग्र, तोड़ी बेरिकेडिंग ,बस पर चढ़े, सीएम हाउस जाने की कर रहे कोशिश

    आंदोलन के दौरान किसान उग्र हो गए हैं और उन्होंने बेरिकेडिंग तोड़ दी है। कुछ किसान बसों पर चढ़ गए हैं और वह सीएम हाउस जाने की कोशिश कर रहे हैं। किसानों ने बेरिकेडिंग उठा-उठाकर फेंकी है और जमकर हंगामा किया है। किसानों ने भारी संख्या में पहुंचकर कहा है कि अभी तो यह ट्रेलर है।

  • 12:19 PM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    सीएम मोहन यादव का किसानों को लेकर सामने आया बयान

    भोपाल: भोपाल में किसानों के विरोध-प्रदर्शन पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, "हम किसानों के लिए पूरे राज्य में 'कृषि कल्याण वर्ष' मना रहे हैं। हम कई कदम उठा रहे हैं। मैंने किसानों से जुड़े एक मामले पर एक समिति बनाई है। यह समिति किसानों से बात करेगी। कल हमने राज्य के कृषि मंत्री को भेजा था। आज भी मंत्री और अधिकारी बातचीत करेंगे। सरकार किसानों के लिए सकारात्मक सुझावों का समर्थन करती है। लेकिन दोनों पक्षों को यह ध्यान रखना चाहिए कि इससे आम जनता को परेशानी न हो। हम बातचीत के ज़रिए इस समस्या का समाधान निकालेंगे।"

  • 12:18 PM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    किसान संगठन के नेताओं ने सरकार से बातचीत के लिए 2 बजे तक का टाइम दिया

    किसान संगठन के नेताओं ने सरकार से बातचीत के लिए 2 बजे तक का टाइम दिया है। सरकार ने मांगें नहीं मानी तो 2 बजे के बाद सीएम हाउस का घेराव होगा। वहीं किसानों केंद्रीय कृषि मंत्री, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव समेत प्रदेश के कृषि मंत्री एंदल सिंह कंसाना की सद्बुद्धि के लिए लगातार यज्ञ कर रहे हैं। किसान बाकायदा सरकार के खिलाफ आहुति दे रहे हैं, जिससे उन्हें सद्बुद्धि मिले, जिससे 100 फीसदी मूंग पर एमएसपी दी जाए। किसान स्वराज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र सिंह ने इंडिया टीवी से कहा है कि 2 बजे के बाद वह सीएम हाउस की तरफ कूच करेंगे।

  • 10:52 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    वीर सावरकर सेतु की सुरक्षा सख्त की गई, किसानों की भीड़ जुटना शुरू

    पुलिस ने वीर सावरकर सेतु की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की है। 5 लेयर बेरिकेडिंग के बाद बड़ी-बड़ी बस खड़ी करके किसानों को रोकने के इंतजाम किए गए हैं। हालांकि वीर सावरकर सेतु पर फिर से सैकड़ों किसान इकट्ठा होने शुरू हो गए हैं। किसानों में बेरिकेडिंग देख भारी नाराजगी है।

  • 10:51 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    होशंगाबाद रोड स्थित इलाकों में तमाम स्कूलों ने छुट्टी घोषित की

    भोपाल में किसान आंदोलन के चलते कल होशंगाबाद रोड स्थित इलाकों में जाम की स्थिति बनी थी। इस इलाके के तमाम स्कूलों ने छुट्टी घोषित की है। किसानों का आंदोलन उग्र रूप ना ले ले, इस बात को ध्यान में रखते हुए स्कूलों ने ये कदम उठाया है। स्कूलों का मानना है कि बच्चों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता। 

  • 10:49 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    किसानों की क्या हैं मांगें?

    किसान मुख्य रूप से 2 मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे हैं। पहली मांग ये है कि मूंग दाल की पूरी फसल सरकार MSP पर खरीदे। अभी सरकार केवल 25 फीसदी ही खरीद रही है, बाकी को किसान को बाजार में बेचना पड़ रहा है, जिससे उसका नुकसान हो रहा है। इसके अलावा किसान ये भी मांग कर रहे हैं कि खाद के वितरण के लिए टोकन सिस्टम खत्म किया जाए। 

  • 10:48 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    भोपाल में बड़ी संख्या में सड़कों पर किसान

    किसानों की बड़ी संख्या भोपाल में सड़कों पर उतर आई है और उसका लक्ष्य सीएम आवास का घेराव करना है। किसान चाहते हैं कि सरकार उनकी मांगे मान ले और सीएम हाउस का घेराव करके किसान अपनी शक्ति का परिचय देना चाहते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।